Top News

एबीवीएमयू दीक्षांत समारोह में आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण और एक रजत पदक से बढ़ाया गौरव।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) के द्वितीय दीक्षांत समारोह में आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, ग्रेटर नोएडा की छात्राओं ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के हाथों सम्मान प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और संस्थान का गौरव बढ़ गया।
15 जुलाई 2026 को आयोजित इस दीक्षांत समारोह में मेडिकल, पैरामेडिकल एवं संबद्ध स्वास्थ्य पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदकों से सम्मानित किया गया। समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमित देवगन सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय द्वारा घोषित पदक सूची के अनुसार एम.डी.एस. (ऑर्थोडॉन्टिक्स एवं डेंटोफेशियल ऑर्थोपेडिक्स) में डॉ. आस्था वर्मा और डॉ. लालनुनपुई पाउटू को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। वहीं एम.डी.एस. (प्रोस्थोडॉन्टिक्स एंड क्राउन एंड ब्रिज) में डॉ. नम्रता अग्रवाल को रजत पदक से सम्मानित किया गया। यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का परिणाम है।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने पदक विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक, अनुसंधान आधारित शिक्षण और उत्कृष्ट रोगी सेवाओं के माध्यम से वैश्विक स्तर का दंत चिकित्सा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष संस्थान के तीन विद्यार्थियों का दो स्वर्ण और एक रजत पदक प्राप्त करना पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व का विषय है।
आई.टी.एस. एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने भी पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल कुशल दंत चिकित्सक तैयार करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण चिकित्सकों का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि संस्थान के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है और उन्हें उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का उत्साह प्रदान करेगी।

Post a Comment

और नया पुराने