नोएडा फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा: स्वस्थ जीवनशैली और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा द्वारा आयोजित 'फोर्टिस नोएडा रन फॉर वेलनेस' में 1,200 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस फिटनेस अभियान में बच्चों, अनुभवी धावकों, महिलाओं और स्थानीय समुदाय के सदस्यों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
आयोजन के तहत 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा 3 किलोमीटर की 'साड़ी रन' रही, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दौड़कर फिटनेस, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण का प्रेरक संदेश दिया। प्रतिभागियों के उत्साह ने यह साबित किया कि स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर समाज में जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
इस अवसर पर फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा की एडिशनल डायरेक्टर, मेडिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. ज्योति आनंद ने कहा कि आज स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र केवल बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि उसकी रोकथाम और समय पर पहचान होना चाहिए।
उन्होंने कहा, "नियमित स्वास्थ्य जांच, शरीर के शुरुआती चेतावनी संकेतों के प्रति जागरूकता और समय पर डॉक्टर से परामर्श लेने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है। इससे इलाज अधिक प्रभावी होता है और मरीज के पूरी तरह स्वस्थ होने की संभावना भी काफी बढ़ जाती है।"कार्यक्रम के माध्यम से फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा ने लोगों को नियमित व्यायाम, संतुलित जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। आयोजन का उद्देश्य समाज में 'प्रिवेंशन इज़ बेटर दैन क्योर' की सोच को मजबूत करना और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।
एक टिप्पणी भेजें