IIA हरियाणा चेप्टर को 46 रनों से हराया
नोएडा/ फेस वार्ता, 17 अक्टूबर 2026: IIA (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स) नोएडा सेंटर द्वारा एक मैत्रीपूर्ण T-20 क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। यह मुकाबला IIA नोएडा क्रिकेट टीम बनाम IIA हरियाणा चैप्टर टीम के मध्य NRCC क्रिकेट ग्राउंड, सेक्टर-115, नोएडा में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी IIA (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स)नोएडा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 213 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत बेहद धुआंधार रही, जिसमें आर्किटेक्ट अभिजीत शर्मा और कुशाग्र श्रीवास्तव ने मिलकर मात्र 3.4 ओवरों में 52 रन जोड़ डाले। शर्मा जी 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद *अभिजीत रस्तोगी और अनंत मिश्रा ने पारी को संभालते हुए 115 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की* । अनंत मिश्रा ने शानदार 98 रन और अभिजीत रस्तोगी ने 33 रनों का योगदान दिया।
जवाब में, 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी IIA(इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स) हरियाणा चैप्टर टीम की शुरुआत अच्छी रही और उन्होंने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। लेकिन IIA नोएडा के कप्तान आर्किटेक्ट कुलदीप वर्मा ने हरियाणा के विस्फोटक बल्लेबाज पुलकित गुप्ता को 12 रन के निजी स्कोर पर आउट कर मैच का पासा पलट दिया। इसके बाद आर्किटेक्ट संदीप ने 12 रन देकर 2 विकेट झटके। स्पिन गेंदबाज आर्किटेक्ट राशिद की *करिश्माई गेंदबाजी* के आगे हरियाणा के विकेट लगातार गिरते रहे; *आर्किटेक्ट राशिद ने 4 ओवर में मात्र 22 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए* । इस बेहतरीन गेंदबाजी के चलते IIA हरियाणा चैप्टर की टीम 167/9 का स्कोर ही बना सकी। IIA नोएडा की टीम ने 46 रनों के अंतर से यह T-20 मैच जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
महिला आर्किटेक्ट्स की सराहनीय भागीदारी:
इस मैच की खास बात यह रही कि दोनों टीमों की तरफ से महिला आर्किटेक्ट्स ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। IIA नोएडा की ओर से आर्किटेक्ट (डॉ.) निर्मिता मेहरोत्रा, गौरी शर्मा और अनन्या अग्रवाल, जबकि IIA हरियाणा की ओर से प्रिया, सुनीता और तान्या ने मैच खेलकर अपनी-अपनी टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति:
इस गरिमामयी खेल आयोजन के दौरान IIA नोएडा सेंटर की चेयरपर्सन आर्किटेक्ट (डॉ.) निर्मिता मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष आर्किटेक्ट मनीष कुमार, सचिव आर्किटेक्ट शशांक अरुण और कार्यकारिणी सदस्य आर्किटेक्ट लोकेश निगम व आर्किटेक्ट कुलदीप वर्मा (कप्तान) मौजूद रहे।
मैच में IIA हरियाणा चैप्टर के संयुक्त सचिव निर्मल मखीजा, IIA फरीदाबाद के चेयरपर्सन रविन्द्र पाल सिंगला, IIA यूपी चैप्टर के संयुक्त सचिव आर्किटेक्ट योगेश त्यागी और IIA यूपी चैप्टर के सदस्य राहुल त्यागी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा क्रिकेट मैच के स्पॉन्सर Multitubo के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समापन एवं आभार:
मैच की समाप्ति के बाद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स नोएडा सेंटर की तरफ से दोनों टीमों के सभी आर्किटेक्ट क्रिकेटरों को सम्मानित किया गया और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए सभी का आभार प्रकट किया गया।
एक टिप्पणी भेजें