Top News

सीता स्वयंवर से राम वनवास तक की लीलाओं ने दर्शकों को किया भावविभोर, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला परिसर

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, 16 अक्टूबर 2026। श्री धार्मिक रामलीला में शुक्रवार को भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। छठे दिन सीता स्वयंवर, भगवान श्रीराम की बारात, माता सीता की विदाई, मंथरा-कैकेयी संवाद और श्रीराम वनवास की लीला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। जहां सीता स्वयंवर और श्रीराम-सीता विवाह के प्रसंगों पर श्रद्धालु हर्ष और उल्लास से झूम उठे, वहीं भगवान श्रीराम के वनवास के दृश्य ने सभी की आंखें नम कर दीं। पूरे रामलीला परिसर में प्रभु श्रीराम और माता सीता के जयकारे गूंजते रहे।
श्रीधार्मिक रामलीला का आयोजन 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम सात बजे किया जा रहा है। परम श्रद्धेय गोस्वामी सुशील जी महाराज के दिशा-निर्देशन तथा संस्था के युवा अध्यक्ष आनंद भाटी के मार्गदर्शन में रामलीला का भव्य मंचन हो रहा है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग के राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी तथा दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर सहित गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
शिव धनुष टूटते ही गूंजा जयघोष, परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने बांधा समां
संस्था के अध्यक्ष आनंद भाटी ने बताया कि छठे दिन की लीला में महाराज जनक द्वारा आयोजित सीता स्वयंवर का मंचन किया गया। स्वयंवर में शर्त रखी गई थी कि जो भी शिव धनुष उठाकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ाएगा, उसी के साथ माता सीता का विवाह होगा। स्वयंवर में अनेक राजा-महाराजा और पराक्रमी योद्धा पहुंचे, लेकिन कोई भी शिव धनुष को हिला तक नहीं सका।
इससे दुखी होकर महाराज जनक ने कहा कि लगता है धरती वीरों से खाली हो गई है। उनके वचनों से भगवान लक्ष्मण आहत हुए और उन्होंने रघुवंश के पराक्रम का स्मरण कराया। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम ने शिव धनुष उठाया। जैसे ही उन्होंने प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया, धनुष टूट गया और उसकी गूंज तीनों लोकों तक पहुंचने का प्रतीक बनी।
शिव धनुष टूटने की सूचना मिलने पर भगवान परशुराम जनक दरबार पहुंचे। वहां भगवान लक्ष्मण और परशुराम के बीच तीखा संवाद हुआ। परशुराम के क्रोध और लक्ष्मण के निर्भीक उत्तरों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। भगवान श्रीराम के शांतिपूर्ण वचनों से परशुराम का क्रोध शांत हुआ। जब उन्हें भगवान श्रीराम के दिव्य स्वरूप का आभास हुआ, तो उन्होंने अपना सारंग धनुष उन्हें दिया। श्रीराम द्वारा धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने के बाद परशुराम ने उन्हें और माता जानकी को आशीर्वाद दिया।
श्रीराम-सीता विवाह और विदाई के प्रसंग ने किया भावुक
शिव धनुष भंग होने के बाद अयोध्या में महाराज दशरथ को विवाह का संदेश भेजा गया। इसके बाद महाराज दशरथ भव्य बारात लेकर जनकपुर पहुंचे। जनकपुर में अयोध्यावासियों का दिव्य स्वागत हुआ और भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के विवाह संपन्न हुए।
भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा। इसके बाद माता सीता की विदाई का भावुक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। बेटी की विदाई के समय महाराज जनक और जनकपुरवासियों की भावनाओं का मार्मिक चित्रण देखकर दर्शक भावुक हो उठे।
इसके बाद अयोध्या में चारों राजकुमारों और उनकी वधुओं के आगमन का दृश्य दिखाया गया। पूरे राजमहल को उत्सव की तरह सजाया गया था। तीनों माताओं और अयोध्यावासियों ने नवविवाहित जोड़ों का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।
मंथरा-कैकेयी संवाद के बाद श्रीराम को मिला वनवास
लीला के अगले प्रसंग में महाराज दशरथ द्वारा भगवान श्रीराम को राजगद्दी सौंपने की तैयारी दिखाई गई। अयोध्या में राजतिलक की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन मंथरा के बहकावे में आकर कैकेयी ने महाराज दशरथ से अपने दो वरदान मांग लिए। उन्होंने भरत के लिए राजगद्दी और भगवान श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगा।
महाराज दशरथ के लिए यह निर्णय अत्यंत पीड़ादायक था। इसके बाद भगवान श्रीराम ने पिता के वचन की मर्यादा बनाए रखने के लिए वन जाने का निर्णय लिया। श्रीराम के वनवास के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। पूरे परिसर में सन्नाटा छा गया और कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं।
सीता स्वयंवर, विवाह और वनवास तक के प्रसंगों का सजीव मंचन कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से किया। इन लीलाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर प्रभु श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
आगामी दिनों में होंगे राम-भरत मिलाप, लंका दहन और रावण वध के प्रसंग
श्री धार्मिक रामलीला में आगामी दिनों के कार्यक्रमों को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह है।
17 अक्टूबर: राम-भरत मिलाप, शबरी प्रसंग, राम-हनुमान मिलन, किष्किंधा प्रसंग, बाली वध और अशोक वाटिका।
18 अक्टूबर: लंका दहन, सेतु निर्माण तथा रावण-अंगद संवाद।
19 अक्टूबर: लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध तथा भगवान श्रीराम और कुंभकर्ण व रावण के बीच युद्ध के प्रसंग।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष का दशहरा महोत्सव और रामलीला मंचन क्षेत्रवासियों के लिए आनंददायक एवं यादगार आयोजन बनने जा रहा है। इसका उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार, मर्यादा और आदर्शों से जोड़ना भी है।
संस्था के पदाधिकारी और गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक गोस्वामी सुशील महाराज, संस्थापक राजकुमार नागर, प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, हरवीर मावी, मुख्य संरक्षक नरेश गुप्ता, संरक्षक सुशील नागर, धीरेंद्र भाटी, धीरज शर्मा, बालकिशन सफीपुर, दिनेश गुप्ता, पवन नागर, अध्यक्ष आनंद भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश शर्मा बदौली, उमेश गौतम, सत्यवीर मुखिया, रोशनी सिंह, महेश कमांडो, चैन पाल प्रधान, जितेंद्र भाटी, सुभाष भाटी, मनीष डाबर, मीडिया प्रभारी अतुल आनंद, उपाध्यक्ष फिरे प्रधान, पीपी शर्मा, श्याम सुंदर फौजी, यशपाल नागर, सचिव ज्योति सिंह, गीता सागर, राकेश भाटी, भगवत भाटी, तेज कुमार भाटी, सुंदर भाटी, पवन भाटी, वीरपाल मावी और जय शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने