Top News

शिव-पार्वती विवाह की दिव्य लीला से गूंजा रामलीला परिसर, जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल।



ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, 11 अक्टूबर। धार्मिक रामलीला एवं दशहरा महोत्सव में रविवार को गणेश पूजन और भगवान शिव-माता पार्वती के विवाह की दिव्य लीला का भव्य मंचन किया गया। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान पूरा रामलीला परिसर हर-हर महादेव और माता पार्वती के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में रामप्रकाश मावी, चेयरमैन, बीओपी बिल्डर्स मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
परम श्रद्धेय गोस्वामी सुशील महाराज के दिशा-निर्देशन तथा संस्था के युवा अध्यक्ष आनंद भाटी के मार्गदर्शन में रामलीला का शुभारंभ धार्मिक और पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुआ। गणेश पूजन के उपरांत कलाकारों ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की कथा का सजीव मंचन कर दर्शकों को भक्ति और अध्यात्म से जोड़ दिया।
भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग ने किया भावविभोर
संस्था के अध्यक्ष आनंद भाटी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कथा में भगवान शिव और माता पार्वती के प्रसंग का विशेष महत्व है। माता पार्वती के प्रश्न करने पर ही भगवान शिव ने उन्हें श्रीराम कथा सुनाई थी। इसी कारण रामकथा के प्रारंभिक प्रसंगों में शिव-पार्वती की कथा का वर्णन अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
मंचन के दौरान कलाकारों ने उस समय की परिस्थितियों को जीवंत किया, जब असुरों के अत्याचार से तीनों लोकों में हाहाकार मचा हुआ था। देवता भयभीत थे और धरती पर जनजीवन अत्याचारों से प्रभावित हो रहा था। ऐसे संकटपूर्ण समय में देवताओं ने भगवान ब्रह्मा और भगवान विष्णु की सहायता से भगवान शिव को विवाह के लिए तैयार करने का प्रयास किया।
कथा के अनुसार, त्रिपुरासुर के अंत सहित आसुरी शक्तियों के विनाश के लिए भगवान शिव की भूमिका महत्वपूर्ण थी। इसके बाद भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का दिव्य प्रसंग प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति, आकर्षक मंच सज्जा और धार्मिक वातावरण ने दर्शकों का मन मोह लिया। विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर अपनी आस्था व्यक्त की।
20 अक्टूबर तक चलेगा रामलीला एवं दशहरा महोत्सव
संस्था की ओर से आयोजित रामलीला में 11 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम सात बजे से विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का मंचन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष महोत्सव को संस्कृति, संस्कार और चरित्र निर्माण के संदेश के साथ भव्य स्वरूप दिया गया है।
आगामी दिनों में रामलीला के प्रमुख आकर्षण इस प्रकार रहेंगे—
12 अक्टूबर: नारद मोह लीला, रावण दरबार और देवासुर संग्राम।
13 अक्टूबर: राम जन्म, सीता जन्म, बाल लीला और विद्या अभ्यास।
14 अक्टूबर: ताड़का वध, सीता स्वयंवर और राम बारात।
15 अक्टूबर: कैकेयी-मंथरा संवाद, राम वनवास और चित्रकूट प्रसंग।
16 अक्टूबर: ऋषि मिलन, पंचवटी, शूर्पणखा प्रसंग, सीता हरण और जटायु वध।
17 अक्टूबर: राम-भरत मिलाप, शबरी प्रसंग, राम-हनुमान मिलन, किष्किंधा प्रसंग, बाली वध और अशोक वाटिका।
18 अक्टूबर: लंका दहन, सेतु निर्माण और रावण-अंगद संवाद।
19 अक्टूबर: लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध तथा राम-कुंभकरण और राम-रावण युद्ध।
20 अक्टूबर: महोत्सव के समापन दिवस के कार्यक्रम।
संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास
आयोजकों ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आदर्श जीवन मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण साधन है। भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों के माध्यम से समाज को मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
संस्था का उद्देश्य ऐसा आयोजन करना है, जो क्षेत्रवासियों के लिए आनंददायक और यादगार होने के साथ-साथ बच्चों तथा युवाओं में संस्कारों का संचार भी करे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार का दशहरा महोत्सव और रामलीला मंचन ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लिए एक यादगार आयोजन साबित होगा।
संस्था के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक गोस्वामी सुशील महाराज, संस्थापक राजकुमार नागर, प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, हरवीर मावी, मुख्य संरक्षक नरेश गुप्ता, संरक्षक सुशील नागर, धीरेंद्र भाटी, धीरज शर्मा, बालकिशन सफीपुर, दिनेश गुप्ता, पवन नागर, मनोज गुप्ता, सतीश भाटी, अध्यक्ष आनंद भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश शर्मा बदौली, उमेश गौतम, सत्यवीर मुखिया, रोशनी सिंह, महेश कमांडो, चैन पाल प्रधान, जितेंद्र भाटी, सुभाष भाटी, मनीष डाबर, मीडिया प्रभारी अतुल आनंद, उपाध्यक्ष फिरे प्रधान, पीपी शर्मा, श्याम सुंदर फौजी, यशपाल नागर, सचिव ज्योति सिंह, गीता शागर, राकेश भाटी, भगवत भाटी, तेज कुमार भाटी, सुंदर भाटी, पवन भाटी, वीरपाल मावी और जय शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने