भारत विकास परिषद गौतमबुद्धनगर शाखा ने आयोजित की प्रतियोगिता, सात स्कूलों के 24 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता। भारत विकास परिषद, गौतमबुद्धनगर शाखा की ओर से दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में ‘भारत को जानो प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके सामान्य ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल, प्रज्ञान स्कूल, वनस्थली पब्लिक स्कूल, एसेंट इंटरनेशनल स्कूल, रामाज्ञा स्कूल, विश्व भारती पब्लिक स्कूल और विक्ट्री वर्ल्ड स्कूल के कुल 24 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन प्रांत से आए मुदित अग्रवाल ने कराया।
प्रतियोगिता के परिणामों में सीनियर वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विश्व भारती पब्लिक स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, जूनियर वर्ग में भी दिल्ली पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस वर्ग में प्रज्ञान स्कूल दूसरे स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद, गौतमबुद्धनगर शाखा के अध्यक्ष मुकुल गोयल, आलोक गोयल, सविता शर्मा और पदमा वर्मा सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उत्साह और ज्ञानवर्धक गतिविधियों में उनकी भागीदारी की सराहना की।
प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद, गौतमबुद्धनगर शाखा के अध्यक्ष मुकुल गोयल ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को भारत की सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और गौरवशाली परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है। साथ ही, उनमें देश के प्रति सम्मान, जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है।
एक टिप्पणी भेजें