ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क स्थित शारदा केयर हेल्थ सिटी एवं शारदा अस्पताल में दो दिवसीय नेशनल न्यूट्रिशन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘बेहतर जीवन के लिए सही खाएं’ रखी गई। अभियान का उद्देश्य लोगों को संतुलित आहार, स्वस्थ खानपान की आदतों, कुपोषण की रोकथाम और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान लोगों को पोषण के महत्व की जानकारी देने के साथ पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और ‘जुबान का फैसला’ जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों ने पोषण और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।
शारदा केयर हेल्थ सिटी एवं अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राममूर्ति शर्मा ने कहा कि आज के समय में बच्चों में पोषण की कमी के साथ मोटापे की समस्या भी बढ़ रही है। इसका एक प्रमुख कारण जंक फूड और बाहर के भोजन की बढ़ती आदत है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक भारतीय भोजन में ही शरीर के लिए जरूरी कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। दाल, चावल, रोटी और सब्जियों के साथ मौसमी फल व सलाद को भोजन का हिस्सा बनाकर संतुलित आहार लिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वाद की बजाय स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की।
शारदा अस्पताल की डाइटिशियन हेड डॉ. श्वेता जायसवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है। शिशु अवस्था से किशोरावस्था, गर्भावस्था और वृद्धावस्था तक हर उम्र में पोषण की जरूरत अलग होती है, लेकिन संतुलित आहार सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सही खानपान की आदतें डायबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद कर सकती हैं। राष्ट्रीय पोषण जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान एडिशनल एमएस डॉ. सुनीत कुमार घई, डॉ. वर्षा शर्मा, डॉ. शिवानी राठी, डॉ. मयूरी, अदिति, आकांक्षा, जोबिया, ऋचा, शिवानी, हरेंद्र दुबे, स्टाफ नर्स एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें