जेवर/फेस वार्ता: ट्रैक्टरों के काफिले के साथ जेवर पहुंची
जहांगीरपुर अनाज मंडी से शुरू हुई यात्रा, ऋषि जावल चौक पर सभा के साथ हुआ समापन; नेताओं ने कहा—किसानों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
किसानों के अधिकार, सम्मान और उनकी विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही प्रांतीय किसान अधिकार यात्रा बुधवार को गौतमबुद्ध नगर की जेवर विधानसभा पहुंची। जहांगीरपुर अनाज मंडी से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों ट्रैक्टरों और वाहनों का काफिला शामिल हुआ। विभिन्न गांवों और कस्बों से होते हुए यात्रा जेवर नगर पहुंची, जहां ऋषि जावल चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभा के साथ इसका समापन हुआ।
यात्रा के संयोजक अजय छोंकर के नेतृत्व में जहांगीरपुर अनाज मंडी से बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ यात्रा में शामिल हुए। किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे तथा किसानों के अधिकारों से जुड़े नारे लिखी तख्तियां नजर आईं। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान नीतियों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाए।
यात्रा में विशेष रूप से पहुंचे पूर्व सांसद दानिश अली और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी एवं पूर्व विधायक संजीव आर्या ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर किसानों के साथ जेवर की ओर प्रस्थान किया। ट्रैक्टरों और वाहनों के लंबे काफिले ने यात्रा को प्रभावशाली बना दिया। किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला भी यात्रा में मौजूद रहे।
किसान की आवाज दबाई नहीं जा सकती : दानिश अली
ऋषि जावल चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद दानिश अली ने कहा कि देश का किसान केवल अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मांग रहा, बल्कि वह अपने सम्मान और भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई भी लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस किसान के श्रम से देश का पेट भरता है, वही आज अपनी जमीन, फसल और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि सत्ता को यह समझना होगा कि किसान की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी किसानों की इस लड़ाई में मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
किसान अधिकार यात्रा को बताया जनांदोलन
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी एवं पूर्व विधायक संजीव आर्या ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांव, खेत और किसान की आवाज को सत्ता के दरवाजे तक पहुंचाने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि किसानों को महंगी खाद, बीज, डीजल और बिजली के साथ बढ़ती कृषि लागत का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य और जमीन का उचित मुआवजा मिलना उनका अधिकार है। कांग्रेस किसान के हक और सम्मान की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ेगी।
खेती की बढ़ती लागत पर उठाए सवाल
किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि देश का किसान चौतरफा संकट से जूझ रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों की आय उसी अनुपात में नहीं बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस का संकल्प है कि किसानों को उनकी फसल का न्यायपूर्ण मूल्य, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा और उनके अधिकारों की संवैधानिक सुरक्षा मिले। किसान अधिकार यात्रा के माध्यम से प्रदेशभर के किसानों की आवाज को मजबूत आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
विकास की बुनियाद किसानों की जमीन पर : दीपक भाटी
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर का किसान विकास के नाम पर दशकों से अपनी जमीन देता आया है, लेकिन इसके बावजूद उसे अपने अधिकारों के लिए बार-बार आंदोलन करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के विकास की बुनियाद स्थानीय किसानों की जमीन और उनके त्याग पर खड़ी है। इसके बावजूद किसान आज भी आबादी निस्तारण, उचित मुआवजा, विकसित भूखंड, स्थानीय युवाओं को रोजगार सहित कई अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है।
दीपक भाटी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट और आसपास तेजी से हो रहे विकास में सबसे पहला अधिकार उस स्थानीय किसान और उसके परिवार का है, जिसने अपनी जमीन देकर इस विकास का रास्ता तैयार किया है।
“किसान अब अपने अधिकारों को लेकर चुप नहीं बैठेगा”
यात्रा संयोजक अजय छोंकर ने कहा कि जहांगीरपुर अनाज मंडी से जेवर तक किसानों ने जिस उत्साह के साथ ट्रैक्टरों के जरिए यात्रा में भागीदारी की, उससे स्पष्ट है कि किसान अब अपने अधिकारों को लेकर चुप बैठने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा किसान के स्वाभिमान की यात्रा है। खेत, फसल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए किसानों को एकजुट होना होगा। जेवर की धरती से किसानों ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि उनके अधिकारों की अनदेखी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
यात्रा में अजय छोंकर, मुकेश यादव, सतीश शर्मा, सुरेंद्र प्रताप, गणेश मीणा, सतपाल सिंह, दिनेश अवाना, गौतम अवाना, पुरुषोत्तम नागर, मौहम्मद तकी, मास्टर हबीब, राजू राव, राजकुमार शर्मा, दिनेश शर्मा, रघुराज शर्मा, नरेश शर्मा, रामकुमार शर्मा, धर्म सिंह, मुकेश शर्मा, अरुण भाटी, बिन्नू भाटी, रमेश बघेल, रिजवान चौधरी, कपिल भाटी, प्रिंस भाटी, नीतीश चौधरी, सुनील भाटी, अजब सिंह, पुनीत मावी, सचिन भाटी, दीपक प्रजापति, जतन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें