Top News

श्रीजी गौ सदन में 17 नवंबर को भव्य गोपाष्टमी महोत्सव, गौ-शिशु आश्रय एवं हवन स्थल का होगा लोकार्पण।

1850 गौवंश की सेवा और संरक्षण का केंद्र बना श्रीजी गौ सदन, भारत विकास परिषद ने कराया नवनिर्मित आश्रय गृह एवं हवन स्थल का निर्माण
नोएडा/ फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा: गोवंश संरक्षण, संवर्धन और गौसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए श्रीजी गौ सदन, नोएडा की ओर से 17 नवंबर 2026, मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा गोसेवा के उद्देश्य से निर्मित नवनिर्मित गौ-शिशु आश्रय गृह एवं सौंदर्यीकरण से सुसज्जित हवन स्थल का लोकार्पण किया जाएगा। महोत्सव में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।1850 गौवंश का हो रहा संरक्षण एवं पालन-पोषण
श्रीजी गौ सदन, नोएडा आज गोवंश संरक्षण और सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। यहां वर्तमान में लगभग 1850 गौमाताओं एवं अन्य गोवंश का संरक्षण और पालन-पोषण किया जा रहा है। गौशाला में करीब 100 गौसेवक निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनके रहने की व्यवस्था भी परिसर में की गई है।
गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए गौशाला में लगभग 27 बाड़े, छह भूसा घर और एक गौ प्रयोगशाला स्थापित है। इसके अलावा यहां विभिन्न प्रकार के गौ-उत्पाद भी उपलब्ध हैं। इतनी बड़ी संख्या में गोवंश के लिए चारा, चिकित्सा, पोषण और अन्य आवश्यक सुविधाओं का संचालन समाज के सहयोग तथा गौसेवकों के समर्पण से किया जा रहा है।
संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
गोपाष्टमी महोत्सव के मुख्य अतिथि श्री श्री 108 दीपांकर  महाराज होंगे। इस अवसर पर गुरु मां गीतेश्वरी का पावन आशीर्वचन प्राप्त होगा।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. महेश शर्मा, सांसद गौतमबुद्ध नगर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार; श्याम बिहारी गुप्ता, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग; पंकज सिंह, विधायक, नोएडा; जे.के. दादू, आईएएस, पूर्व सचिव, भारत सरकार तथा आर.एन. मिश्रा, आईपीएस, पूर्व डीआईजी, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए मनोज बंसल करेंगे। सीए आर.के. अग्रवाल स्वागत अध्यक्ष तथा सीए महेश बाबू गुप्ता कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी निभाएंगे।
सुबह 8 बजे से शुरू होंगे धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम
गोपाष्टमी महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 8 बजे गौपूजन एवं भजन कार्यक्रम के साथ होगा। इसके बाद प्रातः 10 बजे मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रातः 11:30 बजे भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा निर्मित गौ-बाल आश्रय गृह एवं हवन स्थल का लोकार्पण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन होगा।
गौवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देना हमारा संकल्प
श्रीजी गौ सदन के अध्यक्ष सीए विकास अग्रवाल, महासचिव सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष सीए संजय कुमार गुप्ता एवं समस्त कार्यकारिणी ने बताया कि गौशाला का उद्देश्य केवल गोवंश को आश्रय देना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग, गौसेवकों के अथक परिश्रम और दानदाताओं के समर्पण से गौसेवा के इस पुनीत अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। गौशाला में बड़ी संख्या में गोवंश की देखभाल करना एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें समाज की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
गौभक्तों से महोत्सव में शामिल होने की अपील
श्रीजी गौ सदन प्रबंधन ने सभी गौभक्तों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और शहरवासियों से गोपाष्टमी महोत्सव में सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि जीवों के प्रति करुणा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। सभी की सहभागिता से गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के इस अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Post a Comment

और नया पुराने