Top News

गौतमबुद्धनगर के किसानों की मांगों पर लखनऊ में अहम बैठक, 10 प्रतिशत भूखंड देने के लिए तीनों प्राधिकरणों से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

विधायक धीरेंद्र सिंह की पहल पर अपर मुख्य सचिव एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार से हुई वार्ता, हाई पावर कमेटी की सिफारिशें लागू करने का भी मिला आश्वासन
लखनऊ/फेस वार्ता। गौतमबुद्धनगर के किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। विधायक धीरेंद्र सिंह की पहल पर पिकअप भवन, लखनऊ में उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास तथा औद्योगिक विकास आयुक्त (आईडीसी) आलोक कुमार (आईएएस) के साथ किसानों के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई।
बैठक में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान किसानों ने चार प्रतिशत आबादी भूखंड सहित अन्य लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। साथ ही प्रभावित किसानों को 10 प्रतिशत आबादी भूखंड दिए जाने की मांग के समर्थन में विभिन्न साक्ष्य, दस्तावेज और तथ्यों को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया।
किसानों की मांगों और प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों पर संज्ञान लेते हुए औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार ने तीनों औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तैयार प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं, ताकि किसानों की मांगों पर उचित निर्णय लिया जा सके।
बैठक में गौतमबुद्धनगर के तीनों औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के क्षेत्र में हाई पावर कमेटी की सिफारिशों को लागू किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर औद्योगिक विकास आयुक्त ने कमेटी की सिफारिशों को लागू करने के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।
इसके अलावा किसानों ने आबादी निस्तारण, लीज बैक, क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने सहित अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं को भी अधिकारियों के सामने रखा। बैठक में इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई और किसानों को समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
इस बैठक को गौतमबुद्धनगर के किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब किसानों की निगाहें तीनों प्राधिकरणों की ओर से तैयार किए जाने वाले प्रस्तावों और मुख्यमंत्री स्तर पर होने वाले निर्णय पर टिकी हैं।
बैठक में उपस्थित किसान प्रतिनिधि: चैनपाल प्रधान, रकम सिंह भाटी, नरेंद्र प्रधान, हरेंद्र खारी, अजीत मुखिया, लखन भाटी, राजू भाटी, अमित भाटी, मोहित (कुलीपुरा), संजीव (लडपुरा) एवं जयवीर पहलवान सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने