ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा:
कुलीपुरा में फ्रेंडशिप क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच, 32 टीमें दिखा रहीं दमखम; विजेता को मिलेगा एक लाख का पुरस्कार
कांग्रेस नेता रघुराज भाटी ने मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, मिल्क लक्ष्म और सैनी गांव के बीच हुआ मुकाबला
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के कुलीपुरा गांव में आयोजित फ्रेंडशिप क्रिकेट टूर्नामेंट में इन दिनों क्रिकेट का रोमांच देखने को मिल रहा है। 28 अक्टूबर से शुरू हुआ यह टूर्नामेंट 15 नवंबर को संपन्न होगा। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को खेल का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
टूर्नामेंट के तहत आज मिल्क लक्ष्म और सैनी गांव की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के ग्रेटर नोएडा महानगर अध्यक्ष रघुराज भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का संदेश दिया।
इस दौरान रघुराज भाटी ने आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारे और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।
विजेता टीम को एक लाख और उपविजेता को 51 हजार रुपये
आयोजन समिति की ओर से टूर्नामेंट को आकर्षक बनाने के लिए विजेता टीम को एक लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच चुना जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी प्रोत्साहन मिल सके।
प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की 32 टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। 15 नवंबर को टूर्नामेंट का समापन होगा।
इस अवसर पर जयवीर महाशय, रोहित कुमार, ओमान मुखिया, हरीश भाटी, नरेंद्र भाटी, जसराम भाटी, रोहित भाटी, कपिल भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
ग्रामीण स्तर पर आयोजित यह क्रिकेट प्रतियोगिता युवाओं को खेलों से जोड़ने और गांवों के बीच आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अच्छा माध्यम बन रही है।
एक टिप्पणी भेजें