Top News

वोट बचाओ–देश बचाओ महारैली: गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में दिखाएंगे ताकत।

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: जिला कांग्रेस कार्यालय में तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने किया कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान
ग्रेटर नोएडा। देश के संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे। रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित कार्यालय पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर महारैली में पहुंचने का आह्वान किया गया।
बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रैली की तैयारियों की समीक्षा की तथा जनपद से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
बैठक शुरू होने से पहले वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद और जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि तथा देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान दोनों महान नेताओं के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति योगदान को याद किया गया।
‘मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प’
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश की संप्रभुता, स्वाभिमान और मजबूती के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों पर चलते हुए देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े हुआ जाए।
आलोक प्रसाद ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा जनआह्वान है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और अपने प्रतिनिधियों को चुनने का अधिकार प्रदान करता है। यदि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाया जाता है या चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उनकी पारदर्शी जांच और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी इन्हीं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संघर्ष के साथ खड़े हैं कार्यकर्ता: दीपक भाटी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी देश के संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं। उनका संघर्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर का प्रत्येक समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता इस संघर्ष में पार्टी नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
दीपक भाटी चोटीवाला ने जनपद की दादरी, जेवर और नोएडा विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से महारैली में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
रामलीला मैदान में बुलंद होगी लोकतंत्र की आवाज
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के कार्यकर्ता संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि वोट की रक्षा ही लोकतंत्र की रक्षा है और लोकतंत्र की रक्षा देश के भविष्य की रक्षा है।
बैठक में कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर उत्साह देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ये रहे मौजूद
बैठक में बृजेश आर्या, महाराज सिंह, मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, धर्म सिंह, नीरज लोहिया, विजय नागर, सुबोध भट्ट, बिन्नू भाटी, डॉ. रतनपाल, असगर अली, रमेश जीनवाल, धीरा सिंह, सचिन भाटी, दिनेश शर्मा और इंद्रेश कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने