भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने धूमधाम से मनाई सरदार पटेल की जयंती
ग्रेटर नोएडा | फेस वार्ता संवाददाता
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा, जिला गौतमबुद्ध नगर की ओर से भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईटा-1 स्थित जिला महामंत्री महेश कमांडो के आवास पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘सबसे ऊंचे सरदार’ रखी गई, जिसके माध्यम से सरदार पटेल के व्यक्तित्व, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री ऋषि चौरसिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रणीत भाटी और प्रशांत गोस्वामी ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील भाटी ने की, जबकि मंच का संचालन भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष जितेंद्र भाटी ने किया।
सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन परिचय, उनके संघर्षों और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने अपने नेतृत्व और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वक्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि उनके विचार समाज में एकता, समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
संगठन की एकजुटता और सामाजिक समरसता पर दिया जोर
कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर संगठन की एकजुटता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित में सामूहिक रूप से कार्य करने के महत्व पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। सभी ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
ये कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर रणबीर भाटी, राकेश भाटी, ओमेंद्र कसाना, देवेंद्र बंसल, विजेंद्र बघेल, मुकेश नगर, विजय नगर, पुनीत भाटी, कुलदीप भाटी, अरुण यादव, आनंद भाटी, अजीत प्रधान, संजीव भाटी, पंकज डगर, चमन नगर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने के आह्वान के साथ हुआ।
एक टिप्पणी भेजें