लग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ला रेजिडेंसिया सोसायटी में पूजा समिति की ओर से आयोजित दस दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन माता की भव्य विदाई के साथ हुआ। विसर्जन यात्रा के दौरान भक्तों की आंखें नम रहीं, लेकिन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा को विदाई दी गई। इस अवसर पर 100 से अधिक श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। भक्तों ने मां दुर्गा से अगले वर्ष फिर से पधारने की मंगलकामना की।
पूरे महोत्सव के दौरान सोसायटी का वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूजा समिति की ओर से नौ दिनों तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह-शाम पूजा, आरती, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण में सोसायटी के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत सभी आयु वर्ग के लोगों ने कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
माता की विदाई के अवसर पर सोसायटी परिसर से विसर्जन यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते और मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। “जय माता दी” और “अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने मां दुर्गा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
सोसायटी निवासी और पूजा समिति के टीम सदस्य रूपम वर्मा ने बताया कि लगातार नौ दिनों तक माता के आगमन से लेकर विदाई तक सभी कार्यक्रम पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि इस दौरान पूरी सोसायटी केसरिया, लाल और पीले रंगों से सजी नजर आई और हर ओर भक्ति का माहौल बना रहा। पूजा पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।
रूपम वर्मा ने बताया कि पूजा समिति का उद्देश्य सोसायटी के निवासियों को एकजुट कर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना है। महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने परिवार सहित हिस्सा लिया, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द मजबूत हुआ।
माता की विदाई के समय कई श्रद्धालु भावुक हो गए। भक्तों ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। पूजा समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी निवासियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
एक टिप्पणी भेजें