जेवर/ फेस वार्ता, गौतमबुद्धनगर। 17 अक्टूबर 2026।
जेवर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रबूपुरा के समीप स्थित ग्राम नगला पदम में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों में दंपती और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की। विधायक ने घटना से मुख्यमंत्री कार्यालय को भी अवगत कराया है।
सुबह मृत मिले परिवार के पांचों सदस्य
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला पदम निवासी महेश (37 वर्ष), उनकी पत्नी ललिता (35 वर्ष) और उनके तीन बच्चे लड्डू (11 वर्ष), मिस्टी (7 वर्ष) तथा साक्षात (3 वर्ष) शुक्रवार, 16 अक्टूबर की रात भोजन करने के बाद सो गए थे। शनिवार सुबह परिवार के सभी पांच सदस्य मृत अवस्था में मिले। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी में विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन, फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) और खाद्य विभाग की टीमें जांच में जुटी हैं। परिवार द्वारा सेवन किए गए खाद्य पदार्थों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भोजन में कोई विषैला तत्व मौजूद था या मौत के पीछे कोई अन्य कारण था। अधिकारियों द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही हो सकेगा।
विधायक ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई पर दिया जोर
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक ही परिवार के पांच सदस्यों, विशेषकर तीन मासूम बच्चों की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही, मुख्यमंत्री कार्यालय को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया है।
विधायक ने कहा कि पुलिस-प्रशासन और खाद्य विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। उन्होंने अपेक्षा जताई कि घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता और निष्पक्षता से जांच की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पांचों लोगों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने, महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
दिवंगत परिवार के प्रति जताई संवेदनाविधायक धीरेन्द्र सिंह ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।घटनास्थल पर डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन श्रवण कुमार सिंह, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन संतोष कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम तथा रबूपुरा कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें