Top News

70 फीट ऊंचे रावण का दहन, 65-65 फीट के कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी जलेश्री रामलीला कमेटी के विजय महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब।

स्थान: ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: 20 अक्टूबर 2026
ग्रेटर नोएडा। दशहरे के पावन अवसर पर साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से आयोजित विजय महोत्सव 2026 में भव्य रामलीला मंचन और रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 70 फीट ऊंचे रावण तथा 65-65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। रावण दहन के साथ ही मैदान में बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश गूंज उठा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ रामलीला मंचन के मुख्य प्रायोजक नॉर्थविंड के निदेशक राजीव जैन, मनोज गर्ग, शौर्य गर्ग, कीर्त गर्ग, आर्जव जैन और समयक जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद रामलीला मंचन प्रारंभ हुआ।
मेघनाद वध से रावण वध तक के प्रसंगों का मंचन
कमेटी के महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि दशहरे के अवसर पर आयोजित लीला में मेघनाद वध, सुलोचना विलाप, अहिरावण वध और रावण वध के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के इन महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान दर्शक भगवान श्रीराम की विजय और धर्म की स्थापना के प्रसंगों से भावनात्मक रूप से जुड़े नजर आए।
इसके बाद रात 9 बजे 70 फीट ऊंचे रावण तथा 65-65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस आयोजन ने दशहरे के पारंपरिक उत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
अहंकार और अधर्म के अंत का प्रतीक है दशहरा
कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने कहा कि रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, साहस, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। रावण दहन यह संदेश देता है कि अहंकार और अधर्म चाहे कितने ही शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। उन्होंने विजय महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
21 अक्टूबर को होगा विजय महोत्सव का समापन
श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से 21 अक्टूबर को विजय महोत्सव 2026 के अंतिम दिन विभीषण के राजतिलक, भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक, पुरस्कार वितरण और समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
समापन दिवस पर भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भाई भरत से मिलन और श्रीराम के राज्याभिषेक के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर विजय महोत्सव का विधिवत समापन किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह, महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना, ओमप्रकाश अग्रवाल, धर्मपाल भाटी, हरेंद्र भाटी, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, उमंग, दीपक, विकास आर्य, रिंकू आर्य, प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने