बढ़ती उम्र में स्वस्थ रहने के बताए उपाय, फोर्टिस हॉस्पिटल में 120 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने लिया हिस्सा
ग्रेटर नोएडा) फेस वार्ता, 26 अक्टूबर 2026। फोर्टिस हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा ने वरिष्ठ नागरिक समाज, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘गोल्डन ईयर्स, हेल्दी ईयर्स’ स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम में 120 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान बढ़ती उम्र में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, उनके शुरुआती लक्षणों की पहचान, बचाव और समय पर उपचार के महत्व पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक समाज के अध्यक्ष जी.के. राघव, उपाध्यक्ष श्रीमती उर्वशी सिंह, महासचिव एम.पी. सिंह और कोषाध्यक्ष डी.के. सिंह सहित फोर्टिस हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा की फैसिलिटी डायरेक्टर सुश्री बिंदु शर्मा मौजूद रहीं। बीपी, मधुमेह और हृदय रोगों के प्रति किया जागरूक
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल, हृदय संबंधी समस्याओं, जोड़ों की बीमारियों, स्लिप डिस्क, साइटिका और स्ट्रोक जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही इन बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को पहचानने, समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और संभावित जटिलताओं से बचने के उपायों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में नियमित स्वास्थ्य जांच, शुरुआती निदान और जीवनशैली में आवश्यक बदलावों के महत्व को भी रेखांकित किया गया। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य संबंधी निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से बढ़ेगा आत्मविश्वास : जी.के. राघव
वरिष्ठ नागरिक समाज, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष श्री जी.के. राघव ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी स्पष्ट और व्यावहारिक जानकारी मिलने से वरिष्ठ नागरिक अपनी सेहत को लेकर बेहतर निर्णय ले सकते हैं और आत्मनिर्भर बने रह सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस सत्र के माध्यम से सदस्यों को बढ़ती उम्र में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं को समझने, अपनी शंकाओं का समाधान पाने और यह जानने का अवसर मिला कि किन परिस्थितियों में चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने में इस प्रकार की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समय पर जागरूकता और बचाव पर फोर्टिस का जोर
फोर्टिस हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा की फैसिलिटी डायरेक्टर सुश्री बिंदु शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने और बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था, ताकि वे समय पर उचित कदम उठा सकें। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले वरिष्ठ नागरिक समाज के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
एक टिप्पणी भेजें