Top News

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने लंबित समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन, दीपावली के बाद शुरू होगी कार्रवाई

16 मांगों पर वार्ता के बाद किसान यूनियन बलराज का दिल्ली कूच स्थगित

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता। किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन बलराज और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच हुई वार्ता सकारात्मक रहने के बाद संगठन ने 27 अक्टूबर को जीरो पॉइंट से प्रस्तावित दिल्ली कूच स्थगित कर दिया है। बैठक में किसानों की 16 प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने लंबित मामलों के निस्तारण के लिए दीपावली के बाद कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया।
भारतीय किसान यूनियन बलराज ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर दिल्ली कूच का आह्वान किया था। संगठन के अनुसार, आंदोलन में 8 से 10 हजार किसानों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना थी। आंदोलन की तैयारियों के बीच प्रशासन ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी और अन्य पदाधिकारियों से संपर्क कर प्राधिकरण में वार्ता का प्रस्ताव रखा।
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें एसीओ श्रीमती लक्ष्मी सिंह, ओएसडी गिरीश झा, संबंधित महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों तथा एसीपी सेंट्रल राजीव गुप्ता की मौजूदगी में किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई।
मुआवजा, भूखंड और लीज बैक के मुद्दे उठाए
वार्ता में किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, पात्र किसानों के 4 और 6 प्रतिशत भूखंडों का आवंटन तथा लीज बैक के लंबित मामलों का निस्तारण प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता, किसानों के बच्चों को अस्पतालों और कॉलेजों में 50 प्रतिशत छूट, निजी कंपनियों एवं औद्योगिक इकाइयों में स्थायी रोजगार में प्राथमिकता और प्राधिकरण क्षेत्र के गांवों के समान विकास की मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने किसानों के लंबित भूखंड प्रकरणों, अधिग्रहित भूमि से प्रभावित परिवारों, गांवों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग भी की। संगठन ने कहा कि किसानों ने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी उपजाऊ जमीन दी है, इसलिए उनके अधिकारों, सम्मान और भविष्य की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
आश्वासन पर स्थगित किया दिल्ली कूच
राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अधिकारियों को धरातल पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने मुआवजा, भूखंड आवंटन और लीज बैक सहित सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने की मांग की।
संगठन के अनुसार, अधिकारियों ने लंबित मामलों पर जल्द कार्रवाई करने और दीपावली के बाद संबंधित कार्य शुरू करने की बात कही। वार्ता के बाद संगठन ने अधिकारियों के आश्वासन को ध्यान में रखते हुए 27 अक्टूबर को प्रस्तावित दिल्ली कूच फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।
बलराज भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन बलराज किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई जारी रखेगी। संगठन संवाद और संघर्ष, दोनों रास्तों से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। यदि तय समय में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो किसानों के हित में आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक रेखा सिवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शौकत अली चेची, राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन खारी, उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल भाटी, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण चौहान, प्रदेश संगठन मंत्री ब्रह्मचंद्र बैरागी, प्रदेश उपाध्यक्ष हरेन्द्र कुलेसरा, जिलाध्यक्ष जोगेंद्र नागर उर्फ खिज्जू पहलवान, प्रदेश संगठन मंत्री बिजेंद्र भाटी, जिला कोषाध्यक्ष रतीश पंडित, मेरठ मंडल उपाध्यक्ष शिवराज, यूथ जिलाध्यक्ष सोविंदर भाटी, जिला प्रवक्ता जीतराम भाटी, दादरी तहसील अध्यक्ष मनीष शर्मा और प्रदेश महासचिव नवल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने