Top News

सुथ्याना में अतिक्रमण पर ग्रेनो प्राधिकरण ने चलाया बुल्डोजर

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर सोमवार को सुथ्याना में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई और करीब 9500 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। कालोनाइजर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिग्रहित और कब्जा प्राप्त जमीन पर अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उन्होंने अपील की है कि अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि सुथ्याना के खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 की लगभग 9500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन पर कालोनाइजर अवैध निर्माण कर कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण के परियोजना विभाग केे वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम के नेतृत्व में प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और वर्क सर्किल 4 की पूरी टीम ने मौके पर जाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और लगभग 9500 वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त करा लिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 19 करोड़ रुपये है।

Post a Comment

और नया पुराने