नोएडा/फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पुराने सेल टैक्स एवं अन्य कर बकायों पर ब्याज में 100 प्रतिशत तक छूट और निर्धारित अर्थदंड की पूर्ण माफी की योजना लागू करने का उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने स्वागत किया है। संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं वाणिज्य कर विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के व्यापारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
सेक्टर-148, नोएडा में वाणिज्य कर विभाग के कमिश्नर श्री प्रीक्षित खटाना ने उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उत्तर प्रदेश ब्याज माफी योजना-2026 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पुराने कर बकायों के निस्तारण, ब्याज छूट और आवेदन प्रक्रिया के बारे में व्यापारियों को अवगत कराया।
योजना के अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक के पात्र पुराने कर बकायों पर मूलधन के आधार पर ब्याज में छूट निर्धारित की गई है। 10 लाख रुपये तक के मूल बकाये पर 100 प्रतिशत, 10 लाख से एक करोड़ तक 90 प्रतिशत, एक से पांच करोड़ तक 75 प्रतिशत तथा पांच करोड़ रुपये से अधिक के बकाये पर 50 प्रतिशत ब्याज माफी का प्रावधान है। निर्धारित शर्तों के अनुसार अर्थदंड भी माफ किया जाएगा। योजना के लिए मूल कर की राशि जमा करना अनिवार्य है।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि वर्षों पुराने छोटे-छोटे कर बकायों पर भारी ब्याज जुड़ने से प्रदेश के हजारों छोटे और मध्यम व्यापारी परेशान थे। कई व्यापारियों को अपने पुराने मामलों के निस्तारण के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। सरकार के इस निर्णय से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी और वे नए सिरे से अपने व्यापार को आगे बढ़ा सकेंगे।
विकास जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल लंबे समय से व्यापारी हितों के मुद्दों को उठाता रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा व्यापारियों की इस पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में उठाया गया कदम सराहनीय है। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री जी एवं वाणिज्य कर विभाग का हृदय से धन्यवाद।
प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने कहा कि यह फैसला छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए बड़ी राहत है। प्रदेश सरकार ने पुराने कर मामलों के समाधान का अवसर देकर व्यापारिक वर्ग की समस्याओं को समझने का प्रयास किया है।
बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं गाजियाबाद के व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। गाजियाबाद से यस गर्ग तथा नोएडा से दीपक गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने प्रदेश के सभी पात्र व्यापारियों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार व्यक्त किया।
एक टिप्पणी भेजें