Top News

आईटीएस कॉलेज में डांडिया नाइट की धूम, गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों पर झूमे विद्यार्थी

ग्रेटर नोएडा।/ फेस वार्ता: आईटीएस कॉलेज में डांडिया नाइट की धूम, गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों पर झूमे विद्यार्थी
बीबीए, बीसीए और बीपीटी के विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में दी मनमोहक प्रस्तुतियां, भारतीय संस्कृति और लोककला का दिखा संगम
 आईटीएस कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ एवं आईटीएस कॉलेज ऑफ हेल्थ एंड वेलनेस साइंसेज़ (बीपीटी), ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘डांडिया नाइट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीबीए, बीसीए एवं बीपीटी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक संगीत की धुनों पर डांडिया और गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं से जोड़ने के साथ उनमें सांस्कृतिक जागरूकता, आपसी सहयोग एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने डांडिया और गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की ऊर्जा, उत्साह और उमंग ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सहपाठियों के साथ संवाद बढ़ाने और कॉलेज जीवन के खुशनुमा पलों का आनंद लेने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में आईटीएस कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ के प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार, आईटीएस कॉलेज ऑफ हेल्थ एंड वेलनेस साइंसेज़ की प्राचार्य डॉ. ऋचा कश्यप तथा प्रवेश प्रबंधक श्रीमती हिना रस्तोगी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी संकाय सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना और सामाजिक सहभागिता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डांडिया नाइट के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और आपसी सौहार्द के साथ उत्सव मनाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के प्रबंधन ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सफल बनाने के लिए सभी आयोजकों, प्राचार्यों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

और नया पुराने