नोएडा/ फेस वार्ता: उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को सेक्टर-33 स्थित अग्रवाल मित्र मंडल में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के आगामी चुनाव, प्रदेश एवं जिला स्तर पर नई टीमों के गठन तथा 30 जुलाई को नोएडा में आयोजित होने वाले 'व्यापारी कल्याण दिवस' की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने बताया कि 30 जुलाई को आयोजित सम्मेलन में प्रदेश के लगभग 32 जिलों से हजारों व्यापारी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, जनप्रतिनिधियों तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसी के साथ संगठन की नई चुनाव प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रादेशिक एवं जिला स्तर पर नई टीमों का गठन किया जाएगा तथा 11 संरक्षक और व्यापार व समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 5 'भामाशाह' भी मनोनीत किए जाएंगे।
प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी व्यापारियों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारी हितों के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल पिछले सात वर्षों से व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी का मानसिक या आर्थिक उत्पीड़न किया गया तो संगठन उसका पुरजोर विरोध करेगा और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
बैठक के दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष अंकुर बंसल ने संगठन की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि संगठन पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और व्यापारियों के सहयोग से प्राप्त प्रत्येक राशि का उपयोग संगठनात्मक मजबूती एवं व्यापारी हितों के कार्यों में किया जा रहा है। सदन ने वित्तीय रिपोर्ट को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।
बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। महिला प्रकोष्ठ की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। महिला पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज सेवा एवं व्यापारी हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 30 जुलाई को आयोजित 'व्यापारी कल्याण दिवस' के अवसर पर 32 जिलों से आने वाले हजारों कार्यकर्ता संगठन और व्यापारी हितों के प्रति नई शपथ लेंगे। साथ ही पिछले सात वर्षों के कार्यों की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति पर भी सहमति बनाई गई।
बैठक में नवनीत गुप्ता, विकास जैन, सचिन गोयल, मनीष शर्मा, शक्ति सिंह, शिवा चौहान, राजेश जिंदल, अंकुर बंसल, आशीष बंसल, नितिन अग्रवाल, अमित गोयल, सुरेन्द्र गर्ग, विनीत गोयल, अमर चौहान, संजय सिंघल, सुनील गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, पंकज अग्रवाल, परम चौहान, शरद जैन, रामरतन शर्मा, मनीष गर्ग, मोहनलाल गुप्ता, विनय, कपिल लखोटिया, सुभाष गर्ग, अनिल गर्ग, नीरज, प्रमोद शर्मा, जयमंत झा, विवेक अग्रवाल, संदीप गर्ग, मोतीराम, गोलू ग्रोवर, निशांत, विशाल चौधरी, नितिन शर्मा, दीपक मस्ताना, रवि गर्ग, हिमांशु मित्तल, हर्ष गोयल, अजय सोनी, राजेश शर्मा, सुनील सिधानिया, आकाशदीप, गीता चौहान सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। महिला प्रकोष्ठ से वंदना गुप्ता, चारु जैन, नेहा जैन, श्रेया शर्मा सहित कई महिला पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
एक टिप्पणी भेजें