Top News

दादरी में समाजवादी पार्टी की 'परिवर्तन यात्रा' का आगाज़, वृक्षारोपण के साथ निकली साइकिल यात्रा; गांव-गांव पहुंचकर जनसमर्थन जुटाया।

ग्रेटर नोएडा,दादरी/ फेस वार्ता: दादरी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देते हुए रविवार को 'दादरी परिवर्तन यात्रा' (साइकिल यात्रा) का भव्य शुभारंभ किया। "परिवर्तन का संकल्प, विकास का विश्वास" के संदेश के साथ निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना रहा।
यात्रा की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण से की गई। समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहाद ने वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण कर साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, वीर सिंह यादव, महेंद्र नागर, इंदर प्रधान, सुनील चौधरी, गजराज नागर, हैप्पी पंडित, जगवीर नम्बरदार, बबली भाटी, प्रशांत भाटी, सुनील भाटी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संयोजन समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा का उद्देश्य दादरी विधानसभा के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनना और उन्हें पार्टी की नीतियों से जोड़ना है।
इन गांवों से होकर गुजरी यात्रा: बिसरख से शुरू हुई साइकिल यात्रा पुराना हैबतपुर, नया हैबतपुर, शाहबेरी, इटैडा, छोटी मिल्क होते हुए पतवाड़ी पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया तथा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
जनहित और विकास के मुद्दों पर दिया जोर
यात्रा के दौरान नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दादरी क्षेत्र में विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर जनता की आवाज बुलंद करने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि यात्रा को गांव-गांव में व्यापक जनसमर्थन मिला और बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़े।
समाजवादी पार्टी नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के जनसंपर्क अभियान जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष किया जा सके।

Post a Comment

और नया पुराने