नोएडा/ फेस वार्ता:
नोएडा की जर्जर सड़कों, सीवर व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन के समक्ष ठोस साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई। सूरजपुर कलेक्ट्रेट में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने वीडियो और तस्वीरों के माध्यम से शहर की समस्याओं को जिला अधिकारी मेधा रूपम के सामने रखा। साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों को फटकार लगाई और सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए सात दिन का समय दिया।
बैठक में व्यापार मंडल ने सेक्टर-49 एलिवेटेड रोड के नीचे खस्ताहाल सड़कें, कई क्षेत्रों में जाम सीवर से सड़कों पर बहता गंदा पानी तथा सेक्टर-115 की टूटी हुई सड़कों का मुद्दा उठाया। विकास जैन ने कहा कि इन समस्याओं से रोजाना हजारों लोग और व्यापारी परेशान हो रहे हैं, लेकिन अथॉरिटी की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
बारिश से पहले काम पूरा करने के निर्देश
डीएम मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान हालात और खराब होने से पहले सभी सड़कों की मरम्मत तथा सीवर संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि बारिश शुरू होने के बाद निर्माण कार्य प्रभावित होगा, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
"अथॉरिटी की इमारत आलीशान, लेकिन शहर बदहाल"
बैठक के दौरान विकास जैन ने नोएडा अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अथॉरिटी का अपना कार्यालय अत्याधुनिक और भव्य है, जबकि शहर की मूलभूत सुविधाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि नोएडा को वास्तव में विकसित शहर बनाना है तो अथॉरिटी को जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल आगे भी जनहित के मुद्दों को वीडियो और फोटो जैसे साक्ष्यों के साथ प्रशासन के सामने उठाता रहेगा, ताकि अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
अब अथॉरिटी की परीक्षा
डीएम के सख्त रुख के बाद अब निगाहें नोएडा अथॉरिटी पर हैं। सात दिन के भीतर सड़क और सीवर संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर अथॉरिटी कितना गंभीर कदम उठाती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। मानसून से पहले कार्य पूरा करना प्रशासन और अथॉरिटी दोनों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। इस बात की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने दी
एक टिप्पणी भेजें