ग्रेटर नोएडा फेस वार्ता, 15 जुलाई 2026
गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (GIMS), ग्रेटर नोएडा ने सीआईआई हेल्थकेयर समिट 2026 में अपने अभिनव स्वास्थ्य मॉडल और स्टार्टअप इकोसिस्टम का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई। समिट में जीआईएमएस के सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन (CMI) के अंतर्गत इनक्यूबेट किए गए दो हेल्थकेयर स्टार्टअप्स मैट्री (Matri) और बीवेल (BeWell) ने "डिसरप्टिव टेक्नोलॉजीज़" सत्र में अपने अत्याधुनिक स्वास्थ्य समाधान प्रस्तुत किए, जिन्हें निवेशकों, चिकित्सा विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं ने सराहा।
समिट के दौरान जीआईएमएस के सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन (CMI) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. राहुल सिंह को "डिसरप्टिव टेक्नोलॉजीज़" सत्र की अध्यक्षता (Session Chair) करने का सम्मान मिला। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में उभरती तकनीकों, मेडिकल इनोवेशन और स्टार्टअप आधारित समाधानों पर विशेषज्ञों के साथ सार्थक चर्चा का संचालन किया।
कार्यक्रम में जीआईएमएस के नवाचार एवं इनक्यूबेशन मॉडल को विशेष प्रशंसा मिली। देश के प्रमुख सरकारी एवं निजी अस्पतालों की मौजूदगी के बीच जीआईएमएस को ऐसे अग्रणी सरकारी मेडिकल संस्थान के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसने स्टार्टअप इनक्यूबेशन, क्लिनिकल वैलिडेशन, उद्योग सहयोग, अनुसंधान और उद्यमिता को एकीकृत करते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में मजबूत नवाचार इकोसिस्टम विकसित किया है।
यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सरकारी चिकित्सा संस्थान भी मेडटेक स्टार्टअप्स और स्वास्थ्य नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर डॉ. राहुल सिंह ने कहा,
"राष्ट्रीय मंच पर जीआईएमएस के नवाचार मॉडल को मिली पहचान हमारे लिए गर्व का विषय है। हमारा प्रयास चिकित्सकों, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ उनके नवाचार प्रभावी स्वास्थ्य समाधान बनकर सीधे मरीजों तक पहुँच सकें।"
उन्होंने बताया कि जीआईएमएस का सेंटर फॉर मेडिकल इनोवेशन स्वास्थ्य क्षेत्र के स्टार्टअप्स को क्लिनिकल मार्गदर्शन, अनुसंधान सहयोग, नियामकीय सहायता, उद्योग साझेदारी तथा निवेशकों से जोड़ने का कार्य निरंतर कर रहा है। यही प्रयास भविष्य में भारत को स्वास्थ्य नवाचार और मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करेगा।
एक टिप्पणी भेजें