Top News

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आनलाइन/ऑफलाइन विविध राजस्व देयों की वसूली की समीक्षा बैठक संपन्न

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन/ऑफलाइन विविध देयों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन, श्रम, स्टांप, विद्युत, रेरा, बैंक सहित विभिन्न विभागों की लंबित देयों एवं राजस्व वसूली की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
      जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों के बड़े बकायदारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर लंबित देयों की शीघ्र एवं प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए वसूली में तेजी लाएं।
 उन्होंने निर्देश दिए कि वसूली कार्य की प्रभावी निगरानी के लिए संबंधित उपजिलाधिकारी द्वारा अमीनों का रोस्टर तैयार किया जाए तथा रोस्टर के अनुरूप नियमित रूप से वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।   जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए बड़े बकायदारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से रेरा के मांग पत्रों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार ठोस कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाएं और रेरा के लंबित मांग पत्रों में शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार जेवर प्रतीक सिंह, तहसीलदार सदर पूजा चौधरी, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार चौरसिया एवं संबंधित राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने