गौतमबुद्धनगर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम बोले- बूथ से लेकर जनता तक मजबूत करें संगठन
दादरी/ फेस वार्ता:उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सहप्रभारी प्रदीप नरवाल के गौतमबुद्ध नगर आगमन पर दादरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत कर शक्ति प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य तिराहे पर पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और जोरदार नारों के बीच दोनों नेताओं का अभिनंदन किया।
दिल्ली से अलीगढ़ जाते समय गौतमबुद्ध नगर पहुंचे दोनों वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान, सामाजिक न्याय और भाईचारे की रक्षा का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पूरी ऊर्जा के साथ जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान, समानता और सर्वधर्म समभाव की विचारधारा को लेकर संघर्ष कर रही है। कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा की नीतियों का मुकाबला करने की अपील की।
सहप्रभारी प्रदीप नरवाल ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने बूथ समितियों को सक्रिय करने, जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से प्रदेश में सकारात्मक राजनीतिक बदलाव का रास्ता तैयार होगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर का प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेगा। उन्होंने कहा कि जिले में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को भरोसा दिलाया कि वे संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ चुनावी तैयारियों में जुटेंगे तथा कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में अजय चौधरी, अशोक पंडित, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, मुकेश शर्मा, पुनीत मावी, धर्मवीर प्रधान, कपिल भाटी, विजय नागर, तीरथराम वाल्मीकि, धर्म सिंह, धर्मेंद्र भाटी, अरुण गुर्जर, अरविंद रेक्सवाल, किशन शर्मा, देवेश चौधरी, दयानंद नागर, नदीम, रमेश वाल्मीकि, गजन प्रधान, रतनवीर मास्टर, मेहरचंद वाल्मीकि, प्रिंस भाटी, जय प्रसाद, सबु मालिक, कैलाश बंसल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें