Top News

संपूर्ण समाधान दिवस में 145 शिकायतें दर्ज; डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद की तीनों तहसीलों—दादरी, सदर और जेवर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 145 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने राहत प्रदान की। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
दादरी तहसील में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं
तहसील दादरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने की। इस अवसर पर मेरठ मंडल के अपर आयुक्त भी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। ऐसे में प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करने तथा शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अधिकारियों को दी जवाबदेही तय करने की चेतावनी
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
सदर और जेवर तहसील में भी हुई सुनवाई
सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 7 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।वहीं, जेवर तहसील में उपजिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 57 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 2 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
दादरी तहसील में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी अनुज नेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर शासन की मंशा के अनुरूप जनसेवा को प्राथमिकता दी जाएगी।

Post a Comment

और नया पुराने