नोएडा/ फेस वार्ता:
बेटिंग ऐप के जरिए चल रहा था साइबर फ्रॉड का खेल, 35 एटीएम कार्ड और 4 लैपटॉप समेत भारी मात्रा में सामान बरामद
नोएडा, 19 जून। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए लोगों को रुपये दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 सिम कार्ड, 35 एटीएम कार्ड, 4 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को सेक्टर-122 स्थित फ्लैट नंबर डी-44 पर छापेमारी कर प्रमांशु कुमार, प्रदीप सिंह और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट और ऐप का प्रचार-प्रसार कर लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देते थे। इसके बाद निवेश के नाम पर लोगों से रकम ऐंठकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।
सोशल मीडिया बना ठगी का हथियार
जांच में पता चला है कि आरोपी एक संगठित नेटवर्क के रूप में काम कर रहे थे। वे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक विज्ञापन चलाकर लोगों को बेटिंग ऐप से जोड़ते थे। इसके बाद उन्हें बड़े मुनाफे का सपना दिखाकर रकम निवेश कराई जाती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी रकम की ठगी की गई।
छापेमारी में मिला पूरा साइबर फ्रॉड सेटअप
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के ठिकाने से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और दस्तावेज बरामद किए गए। बरामद सामान में 15 सिम कार्ड, 4 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 35 एटीएम कार्ड, 3 पैन कार्ड, 3 आधार कार्ड, 9 चेकबुक, 4 पासबुक, 4 मेट्रो कार्ड, एक वाई-फाई राउटर और एक लेनोवा टैबलेट शामिल हैं।
शिक्षित युवाओं ने चुना अपराध का रास्ता
गिरफ्तार आरोपियों में एक पॉलिटेक्निक छात्र, एक बीटेक स्नातक और एक इंटरमीडिएट पास युवक शामिल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जानकारी का दुरुपयोग कर ये युवक साइबर अपराध को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है।
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में मु0अ0सं0 237/2026 के तहत धारा 111, 318(4) बीएनएस और 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस की अपील
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले किसी भी ऑनलाइन निवेश, बेटिंग या रुपये दोगुना करने जैसी योजनाओं के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध वेबसाइट, ऐप या वित्तीय प्रस्ताव की जांच-पड़ताल किए बिना धनराशि निवेश न करें और साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
एक टिप्पणी भेजें