Top News

भारतीय किसान यूनियन (बलराज) की किसान गोष्ठी व सम्मान समारोह आयोजित, शौकत अली चेची ने साथियों सहित की संगठन में वापसी।

बलराज भाटी ने शौकत अली चेची को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया।
ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा परी चौक स्थित बशीर मार्केट में शौकत अली चेची के निवास पर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) की ओर से सम्मान समारोह एवं किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने की। इस दौरान तीनों प्राधिकरणों में लंबित किसानों की समस्याओं तथा बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के कथित शोषण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान शौकत अली चेची ने अपने दर्जनभर साथियों के साथ किसान एकता संघ को छोड़कर पुनः भारतीय किसान यूनियन (बलराज) की सदस्यता ग्रहण की। संगठन में उनकी वापसी पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि शौकत अली चेची पहले भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और उत्तर प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव जैसे पदों पर लंबे समय तक कार्य कर चुके हैं। कुछ समय पहले वे अन्य संगठन में चले गए थे, लेकिन उनका जुड़ाव हमेशा भारतीय किसान यूनियन (बलराज) से ही रहा।
इस अवसर पर बलराज भाटी ने शौकत अली चेची को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राजेंद्र भाटी को सदर तहसील अध्यक्ष, साजिद भाटी को सिकंदराबाद तहसील अध्यक्ष, अभय चौहान को जिला प्रचार मंत्री, सोनू बैसला को जिला सहसचिव (गौतमबुद्ध नगर) तथा राजू बैसला को दादरी तहसील महासचिव नियुक्त करते हुए मनोनयन पत्र देकर सम्मानित किया।
बलराज भाटी ने कहा कि शौकत अली चेची की संगठन में घर वापसी से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने बताया कि चेची एक सुलझे हुए किसान नेता हैं। उनके पिता बशीर अली चेची भी अपने समय के साहसी और संघर्षशील किसान नेता रहे हैं, जिन्होंने प्राधिकरण के खिलाफ किसानों की लड़ाई मजबूती से लड़ी और ग्रेटर नोएडा के परी चौक क्षेत्र में अपनी पुश्तैनी जमीन को अधिग्रहण से बचाया, जहां आज बशीर मार्केट के नाम से क्षेत्र विकसित है।
अपने संबोधन में शौकत अली चेची ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक भारतीय किसान यूनियन (बलराज) में रहकर किसानों और मजदूरों की आवाज उठाई है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि अन्य संगठनों को भी परखने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि किसानों के हितों के लिए जिस समर्पण और कार्यशैली के साथ यह संगठन काम करता है, वह कहीं और देखने को नहीं मिलता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वे पूरी ईमानदारी और निस्वार्थ भाव से निभाएंगे।
महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक रेखा सिवाल ने कहा कि शौकत अली चेची और उनकी टीम की वापसी से संगठन को नई मजबूती मिली है और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार हुआ है।
कार्यक्रम में महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा सिवाल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सचिन शर्मा, जिलाध्यक्ष योगेश वैष्णव, उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल भाटी, सोनू खारी, हरेंद्र कुलेसरा, मेरठ मंडल अध्यक्ष जतन भाटी, जिला महासचिव मनीष पीलवान, मेरठ मंडल उपाध्यक्ष अजय भाटी, नोएडा महानगर अध्यक्ष कपिल नागर सहित सत्येंद्र बंसल, रविंद्र नागर, अमन सिंह, रविंद्र कुमार, रईस खान, विशाल कुमार, सौरभ कुमार, शाहनवाज खान, हाजी लियाकत अली चेची, एडवोकेट अल्लाह रहम चेची, श्रीमती सोनिका, मुस्ताक भाटी, सराजू बैसला, डॉ. शेरू बैसला, विजेंद्र ठाकुर, चांद सैफी समेत पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने