Top News

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट यीडा क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाशी, लखनऊ में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी हुई अहम बैठक

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता, 24 नवंबर 2026।
रूस की प्रमुख दवा कंपनियों में शामिल फार्मस्टैंडर्ड जेएससी (Pharmstandard JSC) के रूसी प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समूह की प्रस्तावित चिकित्सा उपकरण निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए चिन्हित भूखंड का निरीक्षण कर उसकी उपयुक्तता का प्रारंभिक आकलन किया।
इस दौरे को उत्तर प्रदेश में चिकित्सा उपकरण निर्माण क्षेत्र में संभावित विदेशी निवेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले 23 नवंबर 2026 को लखनऊ में रूसी प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश शासन, उत्तर प्रदेश पुलिस तथा इन्वेस्ट यूपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और प्रस्तावित चिकित्सा उपकरण निर्माण परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा अपर मुख्य सचिव श्री आलोक कुमार (आईएएस) ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक निवेश नीतियों के अनुरूप प्रस्तावित परियोजना को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इन अधिकारियों से हुई मुलाकात
लखनऊ में आयोजित बैठकों में प्रमुख रूप से आलोक कुमार (आईएएस), अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग; श्री विजय किरण आनंद (आईएएस), सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी; और सुश्री प्रेरणा शर्मा (आईएएस), अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी शामिल रहीं।
रूसी प्रतिनिधिमंडल में ये सदस्य रहे शामिल
फार्मस्टैंडर्ड और उससे जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल में अलेक्जेंडर प्रोस्विर्याकोव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, टीज़ेडएमओआई (TZMOI); डॉ. झान्ना दिमित्रोवा, उप निदेशक, फार्मस्टैंडर्ड-मेडटेक्निका; अलेक्जेंडर मिगाचेव, उप निदेशक, टीज़ेडएमओआई; अमर दीप सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, भारत परिचालन तथा डॉ. इरीना पिंगोरिना, निदेशक (रणनीति) शामिल रहे।
जेवर में निवेश की संभावनाओं पर नजर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित चिकित्सा उपकरण निर्माण इकाई के लिए भूखंड का निरीक्षण प्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि परियोजना आगे बढ़ती है तो इससे चिकित्सा उपकरण निर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाएं भी बन सकती हैं।
फिलहाल प्रतिनिधिमंडल ने भूखंड की उपयुक्तता का प्रारंभिक आकलन किया है। परियोजना के अंतिम स्वरूप, निवेश राशि और निर्माण कार्य शुरू होने की समय-सीमा को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Post a Comment

और नया पुराने