Top News

जीएनआईओटी में महिला सशक्तिकरण की नई पहल, ‘शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स’ ने जगाया नेतृत्व और आत्मविश्वास का जज़्बा

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (GNIOT) की विमेन इन साइंस एंड इंजीनियरिंग (WISE) सोसायटी द्वारा आयोजित "शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स" कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में महिला संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी अभिव्यक्ति, नेतृत्व कौशल और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाईज़ सोसायटी की अध्यक्ष एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सीमा अरोड़ा के प्रेरणादायी पॉडकास्ट से हुआ। उन्होंने वाईज़ सोसायटी के उद्देश्यों और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं से आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और नेतृत्वकर्ता बनने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रेरक वक्तृत्व सत्र, टीम-बिल्डिंग गतिविधियां, रचनात्मक चुनौतियां और मनोरंजक खेल आयोजित किए गए, जिनमें महिला शिक्षिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों की ऊर्जा और सकारात्मक सोच ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं ही सशक्त समाज और बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम में सीएसई विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस.पी.एस. चौहान, एआई एवं सीएसई (एआईडीएस) विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) विजय शुक्ला, सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. मोहित गुप्ता, डेटा साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजय पचौरी, डॉ. अरुण, श्री गगन वार्ष्णेय, डॉ. शिप्रा, सुश्री संघाती, सुश्री नीतिका सक्सेना, डॉ. गंभीर सिंह, डॉ. इशरत अली सहित अनेक वरिष्ठ शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में वाईज़ सोसायटी की उपाध्यक्ष डॉ. मोनिका दीक्षित ने सभी अतिथियों, संस्थान प्रबंधन, आयोजन समिति और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
"शी स्पीक्स, शी स्पार्क्स" ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं अपनी क्षमता और आवाज़ को पहचानती हैं, तो वे न केवल स्वयं आगे बढ़ती हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा भी बनती हैं।

Post a Comment

और नया पुराने