Top News

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भाकियू (बलराज) का विरोध तेज, बोले— किसानों के हितों से समझौता किसी कीमत पर स्वीकार नहीं।

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता- भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर किसानों की चिंताएं अब मुखर होने लगी हैं। इसी क्रम में देश बचाओ मोर्चा के तत्वावधान में भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर किसानों के हितों की रक्षा की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील को अंतिम रूप देने से पहले किसानों, कृषि विशेषज्ञों और किसान संगठनों से व्यापक विचार-विमर्श किया जाए तथा ऐसा कोई भी प्रावधान शामिल न किया जाए, जिससे भारतीय किसानों की आजीविका और कृषि व्यवस्था प्रभावित हो।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि विदेशी कृषि उत्पादों के आयात को बढ़ावा दिया गया, तो भारतीय किसानों को असमान प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। इसका असर केवल किसानों की आय पर ही नहीं, बल्कि देश की कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। संगठन ने सरकार से किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि देश का अन्नदाता पहले से ही बढ़ती लागत, मौसम की मार और बाजार की अनिश्चितताओं जैसी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में यदि विदेशी कृषि उत्पादों को भारतीय बाजार में खुली छूट दी जाती है, तो इससे लाखों किसानों की आजीविका संकट में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी व्यापारिक समझौते से पहले किसान संगठनों से संवाद स्थापित करे और उनकी सहमति को महत्व दे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी करते हुए ट्रेड डील लागू की गई, तो देशभर में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र नागर, राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन खारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (युवा) सचिन शर्मा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी, प्रदेश प्रवक्ता सौरभ भाटी, जिलाध्यक्ष जोगेंद्र नागर उर्फ खिज्जू पहलवान, प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल भाटी, ब्रिजेश भाटी, प्रदेश महासचिव कर्मवीर खारी, प्रदेश महामंत्री ब्रह्मचंद्र बैरागी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने