दादरी/ग्रेटर नोएडा, फेस वार्ता: समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी के नेतृत्व में चल रही 'दादरी परिवर्तन यात्रा' शनिवार को अपने छठे दिन दादरी विधानसभा के विभिन्न गांवों में पहुँची। यात्रा के दौरान ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया और क्षेत्र के विकास, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार तथा जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
परिवर्तन यात्रा शाहपुर, मिल्क, खटाना धीरखेड़ा, धनुवाश, उपरालसी, छोटी गुलावठी, मुठियानी, वीरपुरा एवं नूरपुर गांवों से होकर गुजरी। प्रत्येक गांव में स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से अक्षय चौधरी का स्वागत किया तथा बड़ी संख्या में लोग परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए।
जनसंपर्क के दौरान अक्षय चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि दादरी विधानसभा का समग्र विकास तभी संभव है, जब गांवों की मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो। उन्होंने बेहतर सड़क, पेयजल, जल निकासी, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों के हित और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का भरोसा दिलाया।अक्षय चौधरी ने कहा, "दादरी परिवर्तन यात्रा जनता के विश्वास, सहभागिता और बदलाव के संकल्प की यात्रा है। हमारा लक्ष्य प्रत्येक गांव तक पहुँचकर लोगों की आवाज़ को मजबूती देना और उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करना है।"
यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय किसान, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। विभिन्न गांवों में मिल रहा उत्साह और जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि दादरी विधानसभा की जनता सकारात्मक परिवर्तन और विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
एक टिप्पणी भेजें