Top News

ग्रेटर नोएडा में 14 लाख की MDMA के साथ विदेशी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार, SOG और बीटा-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बीटा-2 पुलिस और एसओजी (ग्रेटर नोएडा) की संयुक्त टीम ने एक विदेशी नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 143 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर जनता फ्लैट सर्विस रोड, सेक्टर चाई-4 क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अरुण कसाना, अतुल सिंह और नाइजीरियाई नागरिक CHIDUBEM STANLEY को गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली-एनसीआर की सोसाइटियों में करते थे सप्लाई
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सस्ते दामों में एमडीएमए खरीदकर उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर की विभिन्न आवासीय सोसाइटियों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से गिरोह मोटा मुनाफा कमा रहा था।
विदेशी आरोपी निकला गिरोह का मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में विदेशी नागरिक CHIDUBEM STANLEY को इस गिरोह का मास्टरमाइंड बताया गया है। वह वर्ष 2025 में दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
बरामदगी
143 ग्राम MDMA ड्रग्स (अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 14 लाख रुपये)
एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू
एक स्कूटी (UP14HE2973)
17,500 रुपये नकद
मुकदमा दर्ज
आरोपियों के खिलाफ थाना बीटा-2 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/27ए/37 तथा विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं विदेशी आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में दिल्ली क्राइम ब्रांच में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, ड्रग्स की सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने