ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी रहे सतवीर नागर की पार्टी में पुनः वापसी करते हुए। इसके साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती ने उन्हें मेरठ मंडल जोन प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति को आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर अहम राजनीतिक निर्णय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले सतवीर नागर का पार्टी से निष्कासन हुआ था। अब उनकी वापसी के साथ ही संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाने से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है।
शुक्रवार को दनकौर स्थित उनके कैंप कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा मिठाइयां बांटकर उनका भव्य स्वागत किया और नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई।
इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी लख्मी सिंह ने कहा कि सतवीर नागर को मेरठ मंडल जोन प्रभारी बनाए जाने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
सतवीर नागर ने कहा कि वह स्वयं को पार्टी का एक समर्पित सिपाही मानते हैं और हमेशा बसपा की विचारधारा के लिए कार्य करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बसपा महत्वपूर्ण सफलता हासिल करेगी और प्रदेश में पार्टी की सरकार बनेगी।
एक टिप्पणी भेजें