Top News

नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल लूट गैंग का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार, चोरी की बाइक समेत 5 मोबाइल बरामद।

नोएडा/ फेस वार्ता, 14 जुलाई 2026। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मोबाइल लूट और चोरी की वारदातों में सक्रिय दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। थाना फेस-3 पुलिस ने बीट पुलिसिंग और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को सेक्टर-71 स्थित डम्पिंग ग्राउंड सर्विस रोड के पास से दबोचा। उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, लूट और चोरी के पांच मोबाइल फोन तथा 2,800 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु गुप्ता निवासी गढ़ी चौखंडी (मूल निवासी एटा) और सौरभ कुमार निवासी गढ़ी चौखंडी (मूल निवासी औरैया) के रूप में हुई है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर में घूमते थे और राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन लूट लेते थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने 19 मई 2026 को सेक्टर-66 स्थित मामूरा की एक बिल्डिंग से तीन मोबाइल फोन चोरी करने की वारदात भी कबूल की।
ये सामान हुआ बरामद
चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (फर्जी नंबर प्लेट सहित)
लूट और चोरी के 5 मोबाइल फोन
2,800 रुपये नकद
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-3 में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली में भी एक ई-एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा और जिले में लूट एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने