गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: विश्व युवा कौशल दिवस(15 जुलाई) के उपलक्ष्य में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नोएडा में जनपद स्तरीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने किया। रोजगार मेले में 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों से 437 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत 257 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल का निरंतर विकास करने का आह्वान किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नोएडा के प्रधानाचार्य अवनीन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ प्रशिक्षुओं एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि संस्थान समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन एवं उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन गौतमबुद्ध नगर से जिला कौशल प्रबंधक रवि कुमार प्रजापति एवं पूनम सिंह भी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें