ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:गौतमबुद्ध नगर में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले एक माह के दौरान 8 अवैध खनन और 79 अवैध परिवहन के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 87 वाहनों को सीज़/चालान किया गया तथा ₹46,39,860 का अर्थदंड वसूला गया।
जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देश पर पूरे जनपद में लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
12 जुलाई को नोएडा के सेक्टर-80 स्थित ग्राम ककराला में Rhombus Infra Pvt. Ltd. द्वारा अवैध खनन किए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर कार्रवाई करते हुए एक एक्सकैवेटर मशीन जब्त की गई। राजस्व विभाग द्वारा स्थल की पैमाइश कराई गई है और उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के तहत दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मिली शिकायत के आधार पर सेक्टर-107 में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), सिटी मजिस्ट्रेट और जिला खनन अधिकारी की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। जांच में करीब 4065 घनमीटर साधारण मिट्टी का बिना अनुमति खनन एवं परिवहन पाया गया। इस मामले में ₹5 लाख का जुर्माना लगाया गया है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।जिला खनन अधिकारी ने बताया कि अन्य मामलों में कासना, रबूपुरा, जेवर और दनकौर क्षेत्रों में भी कार्रवाई करते हुए कुल 8 एक्सकैवेटर मशीनें जब्त की गईं। जून 2026 तक जनपद में अवैध खनन के 8 तथा अवैध परिवहन के 79 मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रशासन का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एक टिप्पणी भेजें