Top News

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में छात्रों के मुद्दों पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत निकाला मशाल जुलूस।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट/ फेस वार्ता: शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के रोजगार के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गौतम बुद्ध नगर ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत विशाल जनसंवाद एवं मशाल जुलूस का आयोजन किया। अरिहंत आर्डेन सोसायटी से ऐस सिटी गोलचक्कर तक निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, अभिभावकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की।
प्रदीप नरवाल ने कहा कि देश का युवा आज केवल नौकरी नहीं, बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्त होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और नियुक्तियों के लंबित रहने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र आर्थिक, मानसिक और सामाजिक दबाव झेल रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठा रहे हैं। "छात्रों की गूंज" अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को यह भरोसा दिलाना है कि उनकी समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने सरकार से समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष परीक्षाएं, पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई तथा गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा होते हैं। यदि युवा अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस करें तो यह पूरे समाज और राष्ट्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लाखों परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर अपनी जमा-पूंजी खर्च कर देते हैं, लेकिन जब परीक्षाएं रद्द होती हैं या भर्ती वर्षों तक अटकी रहती है तो सबसे बड़ा आघात उन परिवारों को होता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार का सवाल अब केवल युवाओं का नहीं, बल्कि हर परिवार का मुद्दा बन चुका है। सरकार को प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, अभिभावकों और बेरोजगार युवाओं की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
कार्यक्रम में मुकेश यादव, गौतम अवाना, मुकेश शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, महाराज सिंह नागर, दुष्यंत नागर, निशा शर्मा, रिजवान चौधरी, नीरज लोहिया, संदीप नागर, श्रुति कुमारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने