ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: सेक्टर-37 आरएचओ-II आरडब्ल्यूए का चुनाव रविवार को कम्युनिटी सेंटर में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। चुनाव में बड़ी संख्या में सेक्टरवासियों ने भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। मतगणना पूरी होने के बाद घोषित परिणामों में जय सिंह भाटी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्हें 147 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 121 वोट प्राप्त हुए। इस तरह जय सिंह भाटी 26 मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए।
महासचिव पद पर आदेश डेढ़ा ने शानदार जीत हासिल की। उन्हें 155 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 140 वोट प्राप्त हुए। आदेश डेढ़ा ने 15 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर महासचिव पद अपने नाम किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। नवनिर्वाचित अध्यक्ष जय सिंह भाटी ने अपनी जीत का श्रेय सेक्टरवासियों के विश्वास और सहयोग को दिया। उन्होंने इन्द्रराज नागर, मनोज अधाना, रवि भाटी, सुरेन्द्र सिंह, नवाब बंसल, पूर्व अध्यक्ष राजेश डेढ़ा सहित सभी सहयोगियों एवं चुनाव समिति का निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया।
जय सिंह भाटी ने कहा कि नई आरडब्ल्यूए टीम सेक्टर की सुरक्षा, स्वच्छता, पार्कों के रखरखाव, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेगी। उन्होंने सेक्टरवासियों से सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।
एक टिप्पणी भेजें