गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता भारत शर्मा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक एवं एडिशनल कमिश्नर श्री दर्पण से शिष्टाचार एवं व्यापारिक भेंट कर उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक सौहार्दपूर्ण, सकारात्मक एवं उद्योग हितैषी वातावरण में सम्पन्न हुई।
बैठक में जीएसटी पंजीयन, नवीनतम विभागीय दिशा-निर्देश, अनुपालन से जुड़े प्रावधान, उद्यमियों की व्यावहारिक समस्याएं तथा उनके त्वरित समाधान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने विभाग द्वारा किए गए नवीनतम सुधारों एवं अपडेट्स की जानकारी साझा करते हुए उद्यमियों के सभी प्रश्नों का विस्तार से समाधान किया।
इस दौरान IBA के वरिष्ठ सदस्य श्री सुभाष चौहान के जीएसटी पंजीयन से संबंधित एक लंबित मामले को भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया, जिसका मौके पर ही सकारात्मक समाधान कर दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से उद्यमियों में विभाग के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
बैठक में आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक ने इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा उद्योग एवं समाज हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में CGST विभाग एवं IBA संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा समाज, प्रदेश एवं राष्ट्रहित से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही IBA के सहयोग से CGST जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जीएसटी से जुड़े नवीनतम संशोधनों, नियमों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी उद्यमियों को दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक दो माह में IBA के साथ नियमित संवाद एवं समीक्षा बैठक आयोजित करने का आश्वासन भी दिया।
डॉ. पाठक ने कहा, "उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी उद्यमी को किसी प्रकार की समस्या हो तो वह बिना किसी संकोच के विभाग के अधिकारियों से संपर्क करे, सीधे मुझसे मिले अथवा फोन पर अपनी बात रखे। CGST विभाग के दरवाजे उद्यमियों के लिए सदैव खुले हैं। हमारा उद्देश्य उद्योगों के लिए पारदर्शी, सरल एवं सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है।"
एडिशनल कमिश्नर श्री दर्पण ने भी विभाग और उद्योग जगत के बीच नियमित संवाद एवं बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
भेंट के दौरान IBA प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक एवं एडिशनल कमिश्नर श्री दर्पण का पौधा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ सदस्य सुभाष चौहान तथा सदस्य केशव द्वार उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह संवाद उद्योग एवं विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सहयोग को नई दिशा देने वाला साबित होगा। नियमित संवाद से उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा तथा गौतम बुद्ध नगर का औद्योगिक वातावरण और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं निवेश-अनुकूल बनेगा।
एक टिप्पणी भेजें