Top News

एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को मिली नई ऊर्जा: IBA और GNIDA ने शुरू किया 5,000 पौधारोपण का मिशन, कर्मयोगियों का भी हुआ सम्मान

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, 17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यापक वृक्षारोपण अभियान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) एवं इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के संयुक्त तत्वावधान में इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नीम एवं पीपल के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा अगले दो से तीन माह में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य घोषित किया गया।इकोटेक-3 स्थित कच्ची सड़क (स्पार्क मिंडा कंपनी के सामने) आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने नीम और पीपल के पौधे रोपकर किया। प्रत्येक पौधे को ट्री गार्ड से सुरक्षित किया गया और उनकी नियमित सिंचाई एवं देखभाल सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में GNIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव, सुमित यादव, लक्ष्मी बी.एस., अर्चना द्विवेदी सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग विभाग के अधिकारी, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय एवं संस्था के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों के स्वागत और सम्मान के साथ हुई।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनाने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि IBA और GNIDA संयुक्त रूप से इस मार्ग पर 200 से अधिक पौधे लगाएंगे तथा आगामी दो से तीन महीनों में औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में विभिन्न विभागों के सहयोग से कम से कम 5,000 पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा।

उन्होंने कहा, "माँ के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का उपहार है। यदि प्रत्येक उद्योग एक पौधे की जिम्मेदारी ले ले, तो पूरा औद्योगिक क्षेत्र हरियाली की मिसाल बन सकता है।"

GNIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, मातृ सम्मान और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने IBA द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत IBA ने प्राधिकरण के संविदा कर्मियों, सुपरवाइजरों, सफाई कर्मचारियों एवं औद्योगिक क्षेत्र की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने वाले कर्मयोगियों को सम्मानित किया। संस्था ने उन्हें उपहार भेंट कर उनके समर्पण और सेवा भावना का अभिनंदन किया। इस अवसर पर अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक शक्ति केवल उद्योग नहीं, बल्कि वे कर्मयोगी हैं जो प्रतिदिन निस्वार्थ भाव से व्यवस्था को बनाए रखते हैं और उनका सम्मान समाज का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम में 100 से अधिक उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सभी ने पौधारोपण के साथ यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित सुरक्षा, सिंचाई और देखभाल कर उन्हें विकसित वृक्ष बनाया जाएगा।

इस अवसर पर IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, नरेश चौहान, अजय राणा, सुधीर त्यागी, संयुक्त सचिव दक्ष शर्मा, युवा कार्यकारी सदस्य हर्ष तोमर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे। JBJ Technologies Limited के प्रतिनिधियों सहित कई औद्योगिक इकाइयों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का समापन इस सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि "हम केवल पौधे नहीं लगाएंगे, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल कर उन्हें विकसित वृक्ष बनाएंगे।" यही संदेश 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान की वास्तविक सफलता का आधार बनेगा।

Post a Comment

और नया पुराने