Top News

बीटा-1 RWA ने जनसुनवाई में सुनीं सेक्टरवासियों की समस्याएं,

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: सेक्टर बीटा-1 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की कार्यकारिणी द्वारा रविवार को बीटा-1 बारातघर स्थित नवनिर्मित RWA कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेक्टरवासियों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।
जनसुनवाई के दौरान निवासियों ने सड़क, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे RWA पदाधिकारियों के समक्ष रखे। इसी क्रम में निवासी सुनील गुप्ता ने मकान संख्या सी-514 के समीप सड़क किनारे बारिश के कारण मिट्टी कटने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश से सड़क का किनारा कमजोर हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
शिकायत मिलते ही RWA पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सुपरवाइजर पंकज से मौके पर ही संपर्क कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। सुपरवाइजर ने आश्वासन दिया कि संबंधित स्थान पर मरम्मत और मिट्टी भराई का कार्य अगले ही दिन शुरू करा दिया जाएगा।
RWA अध्यक्ष श्रीमती संगीता शर्मा ने कहा कि सेक्टरवासियों की सुरक्षा और सुविधाएं संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। किसी भी नागरिक समस्या को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा और प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण के माध्यम से उसका त्वरित निस्तारण कराया जाएगा।
महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि सेक्टर बीटा-1 में सड़क, सीवर, सफाई, पार्क, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि RWA और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के समन्वय से अधिकांश समस्याओं का समाधान कराया जा चुका है तथा शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
जनसुनवाई में उपस्थित सेक्टरवासियों ने नियमित रूप से इस तरह के संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होता रहेगा।

Post a Comment

और नया पुराने