ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 को सुरक्षित, आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बनाने की दिशा में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने संयुक्त रूप से रात्रिकालीन निरीक्षण अभियान चलाया। मंगलवार रात करीब 8 बजे IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में प्राधिकरण के अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा कर हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान हाईमास्ट लाइटों की कार्यक्षमता, स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता, प्रकाश की तीव्रता (लक्स लेवल) तथा उन स्थानों का विस्तृत सर्वे किया गया, जहां पोल नहीं होने के कारण अब तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लग सकी हैं। अधिकारियों ने सभी चिन्हित स्थानों पर जल्द पोल स्थापित कर शेष लाइटें लगाने का भरोसा दिया। साथ ही पेड़ों की बढ़ी हुई शाखाओं के कारण बाधित हो रही रोशनी को सुचारु करने के लिए हॉर्टिकल्चर विभाग को तत्काल छंटाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य मार्गों को मिलेगा बेहतर प्रकाश
संयुक्त टीम ने चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक और घंटा चौक से पुलिस लाइन तक के मार्ग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों पर शीघ्र बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा ईकोटेक-3 के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर डेकोरेटिव लाइटिंग लगाकर औद्योगिक क्षेत्र को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटें चालू मिलीं, जिससे कई स्थानों पर रात में दिन जैसा नजारा दिखाई दिया। अधिकारियों का कहना है कि शेष कार्य पूरा होने के बाद पूरा ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र पूर्णतः प्रकाशमय हो जाएगा, जिससे सुरक्षा और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
'समस्या नहीं, समाधान हमारी प्राथमिकता' : अमित उपाध्याय
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि प्राधिकरण के साथ मिलकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि वर्षों से सड़क, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर किए गए लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब जमीन पर दिखाई देने लगा है।
'गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं' : कृष्ण शर्मा
IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा ने कहा कि रात्रिकालीन निरीक्षण से स्पष्ट है कि प्राधिकरण गुणवत्ता के साथ कार्य कर रहा है। IBA आगे भी विकास कार्यों की निगरानी करता रहेगा ताकि उद्यमियों को विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
'औद्योगिक क्षेत्रों का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता' : रवि कुमार एन.जी.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. ने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से लैस करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्ट्रीट लाइट, सड़क, जल निकासी और हरित विकास से जुड़े सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
दो वर्षों में दिखा बड़ा बदलाव
ओएसडी अभिषेक पाठक ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले ईकोटेक-3 में कई स्थानों पर गहरा अंधेरा और डार्क स्पॉट थे, लेकिन अब हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की बदौलत स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने कहा कि जहां भी अभी प्रकाश व्यवस्था अधूरी है, उसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
निरीक्षण में IBA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, सेक्टर सचिव अरविंद भाटी, कार्यकारिणी सदस्य संजय पांचाल सहित प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजीतभाई पटेल, प्रबंधक विपिन कुमार और तकनीकी अधिकारी नेत्रपाल मौजूद रहे।IBA ने विश्वास जताया कि प्राधिकरण और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों को देश के सबसे आधुनिक, सुरक्षित और निवेश-अनुकूल औद्योगिक हब के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।
एक टिप्पणी भेजें