Top News

अंकिता सिंह बनीं इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा की नई अध्यक्ष, 10 जनहित परियोजनाओं के साथ सेवा अभियान का आगाज़

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा (डिस्ट्रिक्ट 301) का वर्ष 2026-27 का इंस्टॉलेशन एवं ताजपोशी समारोह "आरंभ" थीम के साथ भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में अंकिता सिंह ने क्लब की नई अध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, जबकि नई कार्यकारिणी ने भी विधिवत पदभार ग्रहण किया।समारोह के मुख्य अतिथि बिग बॉस फेम एवं प्रसिद्ध यूट्यूबर मृदुल तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि गौतमबुद्ध नगर के जेल अधीक्षक बृजेश कुमार रहे। दोनों अतिथियों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब के सामाजिक सरोकारों और महिला नेतृत्व की सराहना की।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष अंकिता सिंह के साथ सचिव डॉ. शेली गर्ग, उपाध्यक्ष मधुशी वर्मा, आईएसओ प्रतिभा सिसोदिया, संपादक पूजा अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष अनीता सिंगला ने पदभार संभाला।
अपने संबोधन में अध्यक्ष अंकिता सिंह ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े प्रभावी प्रोजेक्ट पूरे वर्ष संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
इंस्टॉलेशन समारोह के दौरान क्लब ने 10 जनहित परियोजनाओं का शुभारंभ कर सेवा कार्यों की नई शुरुआत की। इनमें डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे पर सीए सम्मान, 'नो टू प्लास्टिक' अभियान, महिला सशक्तिकरण अभियान, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को गोद लेने की पहल, बचत एवं आत्मनिर्भरता के लिए गुल्लक वितरण, डायलिसिस मरीजों का सम्मान, नए सदस्यों का इंडक्शन, ई-वेस्ट प्रबंधन अभियान तथा 'स्वच्छ पर्यावरण–हरित पर्यावरण' अभियान प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। क्लब की सदस्याओं ने प्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के लोकप्रिय गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ. शेली गर्ग ने किया। समारोह में क्लब के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि अध्यक्ष अंकिता सिंह के नेतृत्व में क्लब समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

Post a Comment

और नया पुराने