Top News

लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण, परियोजना की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा

गौतमबुद्धनगर, जेवर/ फेस वार्ता: लोक सभा हाउसिंग कमेटी ने गुरुवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का स्थानीय अध्ययन एवं भ्रमण किया। इस दौरान समिति ने एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की विकास योजनाओं का विस्तृत जायजा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने एयरपोर्ट परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगामी विकास योजनाओं की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल को वीआईपी एवं वीवीआईपी लाउंज, यात्री सुविधाएं, प्रस्थान एवं आगमन क्षेत्र, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं, टर्मिनल भवन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल से अवगत कराया गया।
बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL), यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI), केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) तथा राजस्व विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, सुरक्षा प्रबंधन और भविष्य में आवश्यक चिकित्सीय सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर सांसद अपराजिता सारंगी, कोडिकुन्निल सुरेश, अक्षय यादव, बुलंदशहर सांसद भोला सिंह, अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी एवं श्रीचंद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन, यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, एनआईएएल, जिला प्रशासन और सभी संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके बेहतर समन्वय एवं सहयोग की सराहना की।
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह एयरपोर्ट आर्थिक विकास, निवेश, रोजगार सृजन और वैश्विक संपर्क का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा तथा उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने