ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा यूनिवर्सिटी द्वारा सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम (बालकों के लिए), गौतम बुद्ध नगर में ओरल हेल्थ अवेयरनेस और डेंटल स्क्रीनिंग ड्राइव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शारदा स्कूल ऑफ लॉ के प्रो बोनो क्लब (लीगल एड सोसाइटी) की जुवेनाइल विंग और शारदा स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने 100 से अधिक बच्चों के दांतों की जांच की और उन्हें बेहद सरल भाषा में दांतों की साफ-सफाई के महत्व के बारे में समझाया। बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, मीठे का सीमित सेवन करने और नियमित ओरल हाइजीन अपनाने की जानकारी दी गई, ताकि वे दांतों से जुड़ी समस्याओं से बच सकें। साथ ही, बच्चों को व्यवहारिक रूप से अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मुफ्त डेंटल हाइजीन किट वितरित की गई, जिससे वे सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में लागू कर सकें।
इस अवसर पर शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन प्रो. (डॉ.) ऋषिकेश दवे ने कहा कि अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर या प्रतिकूल पारिवारिक परिस्थितियों से आते हैं, जहां बुनियादी जरूरतों के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता का भी अभाव होता है। ऐसे में यह पहल न केवल उपचार, बल्कि सही आदतों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, शारदा स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज़ की प्रोफेसर डॉ. स्वाती शर्मा ने कहा कि बच्चों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं और सही जानकारी पहुंचाना बेहद आवश्यक है, जिससे दांतों की समस्याओं को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके। कार्यक्रम में डॉ. मेघा, डॉ. वैशाली अरोरा, डॉ. मानवेंद्र सिंह सहित अन्य डॉक्टरों की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
एक टिप्पणी भेजें