Top News

बालिका शिक्षा के संकल्प के साथ दौड़ा ग्वालियर – ‘Amity BHAAG India: Race for Girl Child Education’

ग्वालियर/  फेस वार्ता: मियां तानसेन और बैजू बावरा की विश्व-प्रसिद्ध संगीत नगरी ग्वालियर एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की साक्षी बनी। लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन (LNIPE) से प्रारंभ हुई “Amity Bhaag India – Race for Girl Child Education” मैराथन एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, ग्वालियर में संपन्न हुई। करीब 1800 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लेकर बालिका शिक्षा के समर्थन का संदेश दिया। यह पहल वंचित बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई, जिसे अमिताशा फाउंडेशन को समर्पित किया गया।
इस दौड़ की केंद्रीय थीम “Run for Her Right to Learn” रही। प्रातः 5:30 बजे आयोजित इस मैराथन में बच्चों, एथलीट्स, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों, फैकल्टी और फिटनेस समूहों ने भाग लेकर बालिका शिक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
नेतृत्व और प्रेरणा
इस आयोजन में एमिटी ग्रुप ऑफ स्कूल्स एवं RBEF की चेयरपर्सन डॉ. (श्रीमती) अमिता चौहान की वर्चुअल उपस्थिति ने प्रतिभागियों में विशेष उत्साह और प्रेरणा का संचार किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ‘भाग इंडिया’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी बताया कि—
“भाग इंडिया का हर कदम एक संकल्प है—यह विश्वास कि हर बच्ची को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। जब हम बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाते हैं, तब हम केवल एक जीवन नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करते हैं।”
इस अवसर पर एमिटी एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. असीम चौहान ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि बालिका शिक्षा केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
इस अवसर पर एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के प्रो-चांसलर लेफ्टिनेंट जनरल वी. के. शर्मा (AVSM, सेवानिवृत्त), वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) आर. एस. तोमर तथा एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, ग्वालियर की प्रिंसिपल डॉ. दीपिका भंबानी ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन पर पूरे एमिटी परिवार को हार्दिक बधाई दी। सभी अतिथियों ने बालिका शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है।इसी क्रम में, एमिटी ग्रुप ऑफ स्कूल्स की चेयरपर्सन की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिला बाइकर्स ने ‘Amity BHAAG INDIA’ का नेतृत्व करते हुए बालिका शिक्षा के समर्थन में जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही शिक्षकों ने स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इस सामुदायिक प्रेरणा अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अमिताशा फाउंडेशन: एक सपना, एक संकल्प
इस पहल की प्रेरणा अमिताशा फाउंडेशन है, जिसकी स्थापना डॉ. चौहान के उस संकल्प से हुई, जो वर्ष 2000 में केवल 35 वंचित बालिकाओं की शिक्षा से शुरू हुआ था। समय के साथ यह प्रयास एक सशक्त पहल के रूप में विकसित हुआ और आज यह फाउंडेशन दिल्ली-एनसीआर में तीन विद्यालय संचालित कर रहा है।
इन विद्यालयों में 1000 से अधिक जरूरतमंद बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ भोजन, पाठ्य-पुस्तकें, यूनिफॉर्म और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। नर्सरी से कक्षा XII तक शिक्षा प्राप्त करने वाली इन छात्राओं को शैक्षणिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक, व्यावसायिक और वैश्विक अनुभवों से भी जोड़ा जाता है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।
ग्वालियर चैप्टर का शुभारंभ
‘एमिटी भाग इंडिया’ मैराथन ग्वालियर चैप्टर का शुभारंभ मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा किया गया। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए एमिटी ग्रुप ऑफ स्कूल्स की चेयरपर्सन तथा पूरे एमिटी परिवार को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता में तीन श्रेणियां थीं — 3 किमी रन, 5 किमी फन रन और 10 किमी प्रतिस्पर्धात्मक दौड़। विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। पंजीकरण शुल्क सीधे अमिताशा फाउंडेशन को दिया गया, जिससे फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा संगम स्थापित हुआ।
वैलिडिक्टरी फंक्शन एवं पुरस्कार वितरण
वैलिडिक्टरी फंक्शन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर धर्मवीर सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर शिशिर श्रीवास्तव, ‘वॉटर वुमन’ सावित्री श्रीवास्तव तथा ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ की ब्रांड एंबेसडर वर्षा चौहान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित रहीं। सभी अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करते हुए बालिका शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और इस पहल की सराहना की।
इस आयोजन को सफल बनाने में कई प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों का सहयोग प्राप्त हुआ। प्रमुख सहयोगियों में GAIL (गोल्ड पार्टनर), प्रेम मोटर्स, अमूल, अमृत एक्वा, मफतलाल, कॉर्निटोस, देवराज हॉस्पिटल, गूंज 90.8 एफएम, TNN वर्ल्ड, ग्लोमार्ट और अजमेरा सहित अन्य सहयोगी संस्थान शामिल रहे।
परिकल्पना एवं सफल संचालन
इस कार्यक्रम की परिकल्पना एवं सफल संचालन सुश्री रुचिक्का कृष्णानी के कुशल नेतृत्व में किया गया, जो इसे पूरे देश में पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने बताया कि ग्वालियर का यह आयोजन इस श्रृंखला का तीसरा अध्याय था। रायपुर से शुरू हुई और लखनऊ में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ी ‘भाग इंडिया’ की प्रेरक यात्रा अब संगीत नगरी ग्वालियर तक पहुंच चुकी है। यह पहल केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि बालिका शिक्षा और समान अवसर के संदेश को समाज तक पहुंचाने वाला एक व्यापक सामाजिक अभियान बन चुकी है।

Post a Comment

और नया पुराने