ग्रेटर नोएडा, फेस वार्ता 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के पावन अवसर पर सेक्टर पी-3 के थीम पार्क में समस्त सेक्टरवासियों की सहभागिता से भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सेना अधिकारी वीर सिंह तेवतिया रहे। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रध्वज फहराया, जिसके पश्चात उपस्थित सभी सेक्टरवासियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर सेक्टर के वरिष्ठ नागरिकों, गणमान्य सदस्यों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों के साथ-साथ RWA के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
RWA अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि सेक्टर पी-3 की पहचान उसकी एकजुटता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता से है। जब सभी लोग मिलकर सामाजिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेते हैं, तो समाज में एकता, भाईचारे और जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत होती है।
उन्होंने सभी सेक्टरवासियों से आह्वान किया कि राष्ट्रहित एवं समाजहित से जुड़े प्रत्येक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने बच्चों एवं युवाओं को भी देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना से जोड़ें।
कार्यक्रम के दौरान देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया। समस्त सेक्टरवासियों की एकजुटता और बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से गौरवपूर्ण एवं यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में RWA की ओर से सभी अतिथियों, वरिष्ठ नागरिकों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं समस्त सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही राष्ट्रहित, समाजहित एवं सेक्टर के विकास के लिए इसी प्रकार मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
एक टिप्पणी भेजें